पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को शिमला में दी गई श्रद्धांजलि
रिज पर आयोजित प्रार्थना सभा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल आदि शामिल हुए।
शिमला, जेएनएन। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को बुधवार को शिमला में श्रद्धांजलि दी गई। रिज पर आयोजित प्रार्थना सभा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, राज्यपाल आचार्य देवव्रत सहित विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए।
खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर शिमला के अन्नाडेल हेलीपैड पर नहीं उतर सका। इस कारण अटल की अस्थियां सोलन पहुंची। सड़क मार्ग से अस्थियां रिज मैदान पर आयोजित प्रार्थना सभा स्थल पर भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर लेकर पहुंचेंगे। रिज मैदान में प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सर्वदलीय प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए भाजपा व कांग्रेस नेता पहुंचे।
गौरतलब है कि भाजपा पूरे देश में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा निकालेगी। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को अशोक रोड स्थित भाजपा मुख्यालय में सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों को अस्थि कलश सौंपे। प्रदेश अध्यक्ष इन कलश को अपने राज्यों में ले जाएंगे, जहां अस्थि यात्राएं निकाली जाएंगी और श्रद्धांजलि सभाएं की जाएंगी। इस मौके पर अटलजी की दत्तक बेटी नमिता कौल भट्टाचार्य भी मौजूद रहीं।
इससे पहले, 19 अगस्त को हरिद्वार में अटल जी की दत्तक पुत्री नमिता द्वारा अस्थियां प्रवाहित की गई थी, इस मौके पर अटली जी की नातिन निहारिका, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद थे। अटलजी ने 16 अगस्त को दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली थी। भाजपा अटलजी की अस्थियों को 100 नदियों में प्रवाहित करेगी। इसके अलावा, 20 दिनों तक देश के सभी राज्यों में प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया जाएगा।