कसुम्पटी में तारों पर गिरा पेड़, गाड़ी भी क्षतिग्रस्त
राजधानी शिमला के उपनगर कसुम्पटी में बुधवार दोपहर एक सूखा पेड़
जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला के उपनगर कसुम्पटी में बुधवार दोपहर एक सूखा पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बिजली की तारों सहित दो पोल को भी क्षति पहुंची है। गनीमत यह रही है चहल-पहल वाले इस क्षेत्र में उस समय कोई मौजूद नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा पेश आ सकता था। हालांकि पेड़ गिरने से लगे जाम के कारण लोगों को मुश्किलें झेलनी पड़ी। एक घंटे तक ट्रैफिक व्यवस्था पटरी से उतरी रही। लंबे समय से यह सूखा पेड़ कसुम्पटी में था और कई बार इसकी शिकायत भी नगर निगम को स्थानीय लोगों ने की, बावजूद इसके नगर निगम ने इसे नहीं हटाया।
शहर में कई खतरनाक पेड़
शिमला शहर में बड़ी संख्या में ऐसे खतरनाक पेड़ मौजूद हैं, जो गिरने की कगार पर पहुंच चुके हैं, लेकिन नगर निगम ऐसे पेड़ों को हटाने में कामयाब नहीं हो रहा है। हादसे के बाद ही प्रशासन जागता है। इससे पहले वर्किंग वूमन हॉस्टल संजौली में भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है। यहां पेड़ ने भवन को क्षति पहुंचाई थी। महिलाओं को चोट भी इस हादसे में लगी थी। शहर में खतरा बन चुके पेड़ों को काटने का मामला फाइलों तक ही सिमट कर रह गया है। हालांकि शहर के खतरनाक पेड़ों को काटने की अनुमति भी मिल चुकी है, बावजूद इसके नगर निगम की सुस्त कार्यप्रणाली हादसों को न्योता दे रही है।