विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हिमाचल में बिगड़ैल चालकों पर शिकंजा, परिवहन विभाग ने 10 महीने में किए रिकॉर्ड चालान; 8 करोड़ से अधिक जुर्माना भी वसूला

Published: Sun, 15 Dec 2024 02:52 PM (IST)

Himachal Pradesh News हिमाचल प्रदेश में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर परिवहन विभाग सख्त हो गया है। पहली ...और पढ़ें

परिवहन विभाग ने अक्टूबर तक काटे 36 हजार से अधिक चालान (फाइल फोटो)
परिवहन विभाग ने अक्टूबर तक काटे 36 हजार से अधिक चालान (फाइल फोटो)

HighLights

  1. हिमाचल प्रदेश में पिछले साल 22 हजार किए गए थे चालान
  2. पिछले साल के मुकाबले इस साल बहुत ज्यादा बढ़े हैं आंकड़े

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। पुलिस ही नहीं, परिवहन विभाग ने भी इन बिगड़ैल चालकों पर सख्ती की है। इसके बावजूद सुधार होने के बजाय हालात बिगड़ते जा रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश परिवहन विभाग की ओर से काटे गए चालान से इसका रहस्योद्घाटन हुआ है। परिवहन विभाग ने पहली जनवरी से 31 अक्टूबर तक 36 हजार 324 वाहनों के चालान किए और वाहन मालिकों से 8.73 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पिछले साल से ज्यादा कटा चालान

अधिकतर बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाना, तेज रफ्तार में वाहन चालाना, बिना हेलमेट पहने दोपहिया चलाना व ओवरलोडिंग के चालान काटे गए हैं। गत वर्ष जनवरी से दिसंबर तक परिवहन विभाग ने 22 हजार 546 चालान काटे थे और 5.57 करोड़ का राजस्व वसूला था। विभाग के मुताबिक इस साल यह आंकड़ा काफी ज्यादा बढ़ा है।

अब ऑटोमेटिक तरीके से कटेगा चालान

परिवहन विभाग प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर अत्याधुनिक कैमरे लगा रहा है। बैरियर के आसपास यह कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ऑटोमेटिक तरीके से चालान कट जाएंगे। वाहन चालक के मोबाइल पर चालान का मैसेज आएगा। इस व्यवस्था को भी नए साल से शुरू किया जाएगा।

आरटीओ को दिए हैं निर्देश- डीसी नेगी

परिवहन निदेशक डीसी नेगी ने बताया कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर शिंकजा कसा जा रहा है। सभी जिलों के आरटीओ को निर्देश दिए हैं। हर महीने विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

बाहरी राज्यों से बिना टैक्स आने वाले वाहन, ओवरलोडिंग, सीट बेल्ट न लगाने, बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने के अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- Tourist Place: प्राकृतिक सुंदरता और मानव संस्कृति का अनोखा संगम है स्पीति घाटी, रोमांचित कर देगी यहां की यात्रा

गाड़ी चलाते हुए फेसबुक लाइव करना पड़ा महंगा

नादौन क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक वाहन चालक को गाड़ी चलाते हुए फेसबुक लाइव करना महंगा पड़ गया। जैसे ही इस संबंध में सूचना थाना प्रभारी नादौन निर्मल सिंह को मिली तो उन्होंने तुरंत टीम सहित उसका पीछा कर किया और पकड़ कर उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार आधी रात के समय एक चालक अपने ट्राले में लकड़ी लाद कर नादौन से हमीरपुर मार्ग पर गुजरते समय फेसबुक लाइव कर रहा था। चालक यह भी बता रहा था कि शहर सुनसान पड़ा है और पुलिस सोई है।

जब आसपास के क्षेत्रों में रात को नाके पर निकले पुलिसकर्मियों को जब इस बात का पता चला तो थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने टीम सहित इस ट्राले का पीछा किया और इसे जलाड़ी गांव के निकट पकड़ लिया। ट्राले में लकड़ी लदी देखकर उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों को भी मौके पर बुला लिया।

पूरी छानबीन करने के बाद पुलिस ने चालक के विरुद्ध वाहन चलाते समय मोबाइल प्रयोग करने पर कड़ी कार्रवाई कर 35 हजार रुपये का चालान काटा। इस संबंध में थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि रात के समय वाहन चलाते हुए मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर चालक के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में सूखे की मार, फिर बनने लगे 19 साल पहले जैसे हालात; किसान-बागवान सब परेशान