ठियोग कॉलेज को नैक ने दिया बी ग्रेड
ठियोग नगर के राजकीय महाविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन व प्रत्यायन परिषद की ओर से बी ग्रेड दे दिया गया है।
संवाद सूत्र, ठियोग : राजकीय महाविद्यालय ठियोग को राष्ट्रीय मूल्यांकन व प्रत्यायन परिषद (नैक) की ओर से बी ग्रेड दे दिया है। कुछ दिन पहले नैक की टीम ने दो दिन का दौरा कर कॉलेज में विभिन्न गतिविधियों, भवन व व शिक्षा के स्तर का मूल्यांकन किया था। बी ग्रेड मिलने से इस कॉलेज को अब अनुदान के रूप में दो करोड़ रूपये मिलेंगे। नैक से ग्रेड हासिल करना शिक्षा संस्थानों के लिए एक बड़ी चुनौती रहती है। प्रदेश में धर्मशाला व मंडी को छोड़कर कोई भी महाविद्यालय ए ग्रेड नहीं है। शिमला जिला के सभी कालेज भी बी ग्रेड हैं। ठियोग कॉलेज ने सबसे छोटे कॉलेज के रूप में बी ग्रेड हासिल करने में सफलता हासिल की है। ठियोग कॉलेज के मूल्यांकन की प्रक्रिया पिछले साल अगस्त से चल रही थी। पहले चरण में कॉलेज का पूरा विवरण दर्ज होता है। उसके बाद ऑनलाइन स्पष्टीकरण प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों व शिक्षकों से सीधा संवाद होता है। आखिर में नैक की तीन सदस्यीय टीम कॉलेज में आधारभूत ढांचे के साथ कॉलेज की सभी गतिविधियों का अवलोकन करती है। इस साल सात और आठ मार्च को यह टीम यहां आई थी। उल्लेखनीय है कि ठियोग कॉलेज को छह साल पूर्व सी ग्रेड दिया गया था। सी ग्रेड को फेल के समान माना जाता है। प्रधानाचार्य अनुपमा गर्ग व स्टॉफ के प्रयास से कॉलेज ने सी से बी ग्रेड तक का सफर तय कर लिया है। इससे ठियोग कॉलेज में पढ़ रहे अपर शिमला के करीब डेढ़ हजार विद्यार्थियों को लाभ होगा।