गिरी परियोजना की पाइपलाइन टूटी, जल आपूर्ति प्रभावित
जागरण संवाददाता शिमला गिरी परियोजना की पाइपलाइन टूटने से शिमला शहर में पानी की सप्लाई
जागरण संवाददाता, शिमला : गिरी परियोजना की पाइपलाइन टूटने से शिमला शहर में पानी की सप्लाई फिर से बाधित हो गई है। मेन रेजवायर टूटने से कर्मचारी दिनभर इसे ठीक करने में जुटे रहे। इस कारण गिरी से केवल 12 मिलियन लीटर पर डे (एमएलडी) पानी की ही सप्लाई मिल सकी। शिमला में 14 एमएलडी पानी शुक्रवार को कम आया। इस कारण कुछ क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई तो कुछ क्षेत्रों में देरी से आपूर्ति हुई।
शहर के कई क्षेत्र ऐसे भी थे जहां पर पानी कम होने के कारण प्रेशर नहीं बन पाया और लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल सका। शिमला जल प्रबंधन निगम ने लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। गिरी परियोजना शहर को 20 एमएलडी पानी की आपूर्ति करती है। भेखलटी रोड के पास पाइपलाइन हुई है क्षतिग्रस्त
मेन रेजरवायर के साथ हुए भूस्खलन के कारण पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है। गिरी परियोजना की पहली स्टेज से पानी ढली तक पहुंचता है। पानी का अधिक प्रेशर होने के कारण शनिवार सुबह के समय अचानक पाइपलाइन टूट गई। इससे पानी के प्रेशर से भूस्खलन और अधिक बढ़ गया। हालांकि जल प्रबंधन निगम ने पानी की सप्लाई को बंद कर दिया। इसके बाद शिमला जल प्रबंधन निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पाइपलाइन को बदलने का काम शुरू कर दिया। रविवार दोपहर बाद तक काम के पूरा होने की संभावना है। रविवार को शहर में हो सकती है पानी की दिक्कत
गिरी परियोजना की पाइपलाइन टूटने के कारण रविवार को भी शहर में पानी की दिक्कत रहेगी। रविवार शाम तक पानी की पाइपलाइन ठीक हो पाएगी। नतीजतन रविवार को भी सुबह के समय पानी की आपूर्ति नहीं हो पाएगी। इस कारण शहर के संजौली, इंजनघर, छोटा शिमला, लोअर बाजार आदि क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति देरी से होगी। निगम ने पानी की कमी को देखते हुए व्यवस्था की है कि जिन क्षेत्रों में डेढ़ घंटे तक सप्लाई की जाती है उन क्षेत्रों में एक घंटे तक ही सप्लाई की जाएगी। भूस्खलन के कारण गिरी परियोजना की मेन राइजिग पाइप क्षतिग्रस्त हो गई थी। पाइपलाइन को ठीक किया जा रहा है। जल्द आपूर्ति बहाल हो जएगी।
राजेश कश्यप, एजीएम शिमला जल प्रबंधन निगम।