आज से दस बजे दफ्तर पहुंचना पड़ेगा साहबों का
मुख्य सचिव विनीत चौधरी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, सचिवालय के अफसर सुबह दस बजे ऑफिस पहुंचें।
शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल के मुख्य सचिव विनीत चौधरी ने नौकरशाही को कसने के लिए पहला कदम उठा लिया है। अब अधिकारी मनमर्जी से नहीं बल्कि समय से दफ्तर पहुंचेंगे। लेटलतीफ अधिकारियों पर शिकंजा कसते हुए सरकार ने सभी अफसरों को आदेश दिए हैं कि वे दस बजे कार्यालय पहुंचें।
मुख्य सचिव विनीत चौधरी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, सचिवालय के अफसर सुबह दस बजे ऑफिस पहुंचें। आदेश सभी अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ प्रधान सचिवों, सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ शिमला मंडलायुक्त को पहुंच चुके हैं। इन्हें मेल से भी संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है।
-नौकरशाही को कसने के लिए मुख्य सचिव विनीत चौधरी का पहला कदम
-चुनाव की घोषणा के बाद से छाई सुस्ती को दूर करने की कवायद
नई सरकार में अधिकारियों को चुस्त करने के लिए यह आदेश अहम हैं। देखने में आ रहा था कि अधिकारियों के देरी से आने के कारण प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा था। निचले
स्तर से आने वाली फाइलों में केवल साइन होते थे। अब अधिकारियों के समय पर आने से सरकार के सभी विभागों का काम तेजी से हो सकेगा। प्रदेश सचिवालय में करीब दो हजार कर्मचारी व अधिकारी तैनात हैं।
विधानसभा चुनाव के बाद से देखने में आ रहा था कि अधिकारी व कर्मचारी मौज कर रहे थे। कर्मचारी सुबह सचिवालय में हाजिरी लगाने के बाद मालरोड, लोअर बाजार सहित अपने जरूरी काम करने के लिए निकलते थे। प्रदेश में नई सरकार का गठन होने के बाद भी यही हाल चल रहा था।
बायोमीट्रिक्स मशीनों ने होश उड़ाए
सचिवालय में लगी बायोमीट्रिक्स मशीनों की रिपोर्ट से प्रदेश सरकार के होश उड़ा दिए हैं। अधिकारी हों या फिर कर्मचारी अधिकतर उपस्थिति समयबद्ध नहीं पाई गई। जिसे लेकर प्रदेश सरकार ने सख्त रवैया अपनाया है।
पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह आनी में इस बार का राज्यस्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस कुल्लू जिला के आनी में आयोजित किया जाएगा। 25 जनवरी को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम केसरकार ने आनी को चुना है।
यह भी पढ़ें: पुलिस विभाग में तबादले का दौर शुरू