विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किन्नौर में कांग्रेस संगठन भंग, निगम भंडारी जिला अध्यक्ष पद पर बरकरार; फिर चर्चा में पार्टी की अंदरूनी राजनीति

Published: Sun, 06 Sep 2026 05:39 AM (IST)

कांग्रेस हाईकमान ने किन्नौर जिला कांग्रेस कमेटी और तीन ब्लॉक कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। हालांकि, जिला अध्यक्ष निगम भंडारी अपने पद पर बरकरार रहेंगे और जल्द ही संगठन का पुनर्गठन होगा।

हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार। फाइल फोटो

हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार। फाइल फोटो

HighLights

  1. किन्नौर जिला कांग्रेस कमेटी और तीन ब्लॉक कमेटियां भंग।

  2. जिला अध्यक्ष निगम भंडारी अपने पद पर बरकरार रहेंगे।

  3. संगठन का जल्द ही नए सिरे से पुनर्गठन किया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, शिमला। कांग्रेस हाईकमान ने किन्नौर जिला कांग्रेस कमेटी के साथ कल्पा, निचार और पूह ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। हालांकि, जिला कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी अपने पद पर बने रहेंगे। संगठन को भंग किए जाने के बाद किन्नौर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार की मंजूरी के बाद किन्नौर जिला और तीनों ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को भंग करने का निर्णय लिया गया है। अधिसूचना के अनुसार जिले में कांग्रेस संगठन का जल्द ही नए सिरे से पुनर्गठन किया जाएगा।

किन्नौर में राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी के बीच लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक खींचतान किसी से छिपी नहीं है। मंत्री जगत सिंह नेगी कई मौकों पर निगम भंडारी की जिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति को लेकर सवाल उठा चुके हैं। ऐसे में जिला और ब्लॉक कमेटियों को भंग किए जाने के फैसले को किन्नौर कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

निगम भंडारी ने हाल ही में आयोजित कांग्रेस की बैठक में भी संगठन से जुड़े इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। अब जिला कमेटी के पुनर्गठन के दौरान निगम भंडारी को अध्यक्ष पद पर बरकरार रखने का फैसला पार्टी के भीतर चल रही खींचतान के बीच खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


पार्टी हाईकमान के इस फैसले के बाद अब सभी की नजरें किन्नौर जिला और तीनों ब्लॉकों के नए संगठनात्मक ढांचे पर टिकी हैं। पुनर्गठन में किन नेताओं को जिम्मेदारी मिलती है, इससे किन्नौर कांग्रेस में शक्ति संतुलन को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।