विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिमला के संजौली में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, किराये के कमरे में मिला शव; कोई सुसाइड नोट नहीं

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:40 PM (IST)

शिमला के संजौली स्थित हिमुडा कॉलोनी में 20 वर्षीय युवती किरण अपने किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई।

शिमला में युवती की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी।

शिमला में युवती की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी।

HighLights

  1. शिमला के संजौली में 20 वर्षीय युवती मृत मिली

  2. किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत

  3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी

जागरण संवाददाता, शिमला। राजधानी शिमला के संजौली स्थित हिमुडा कॉलोनी में एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती अपने किराये के कमरे में मृत पाई गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद संजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान किरण निवासी गांव जयबाग, डाकघर लगोटी, उपमंडल आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार किरण संजौली में मुनाल स्कूल के नजदीक हिमुडा कॉलोनी में किराये के कमरे में रहती थी। शुक्रवार को वह अपने कमरे में मृत मिली। घटना का पता चलने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस युवती के परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।