'ऐसी भाषा की अपेक्षा नहीं...', हिमाचल के मंत्री की ऑपरेशन सिंदूर की टिप्पणी पर भड़के BJP सांसद सुरेश कश्यप
भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने हिमाचल के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के राफेल और ऑपरेशन सिंदूर पर दिए बयान की कड़ी निंदा की।
-1795170676293_m.webp)
जगत सिंह नेगी की टिप्पणी पर सुरेश कश्यप का हमला, बर्खास्तगी की मांग। फाइल फोटो
HighLights
सुरेश कश्यप ने जगत नेगी के बयान की कड़ी निंदा की
नेगी ने राफेल और ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी की थी
कश्यप ने नेगी की मंत्रिमंडल से तत्काल बर्खास्तगी की मांग की
जागरण संवाददाता, शिमला। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की राफेल लड़ाकू विमानों और ऑपरेशन सिंदूर पर विधानसभा में की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मंत्री ने राजनीतिक विरोध की सभी मर्यादाएं लांघ दी हैं। कश्यप ने नेगी के इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के बजाय भारत के छक्के छूट गए। उनके मुताबिक, यह टिप्पणी भारतीय सशस्त्र सेनाओं के मनोबल को ठेस पहुंचाने वाली और देशद्रोही मानसिकता की परिचायक है।
उन्होंने कहा कि जिम्मेदार मंत्री से ऐसी भाषा की अपेक्षा नहीं की जा सकती। कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का विरोध करने का पूरा अधिकार है, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर सेना के पराक्रम और देश की रक्षा क्षमताओं का उपहास स्वीकार्य नहीं है। प्रदेश वीरभूमि है। यहां के हजारों जवान देश की सीमाओं पर तैनात हैं और अनेक सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया है।
ऐसे प्रदेश के मंत्री की टिप्पणी सैनिक परिवारों की भावनाओं को आहत करती है। मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या उनकी सरकार नेगी के बयान से सहमत है। यदि नहीं, तो मुख्यमंत्री कार्रवाई से क्यों बच रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि नेगी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए और वह जनता तथा सैनिक परिवारों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से भी विवाद पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।