शिमला से ठंडे सुंदरनगर, सोलन व पालमपुर
मौसम के साफ रहने और धूप के खिले रहने के बाद भी ठंड में इजाफा हुआ है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल में मौसम साफ रहने और धूप के बावजूद ठंड में बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। सोमवार को सुंदरनगर, सोलन व पालमपुर राजधानी शिमला से ज्यादा ठंडे रहे।
प्रदेश में सोमवार को मौसम साफ रहा। शिमला में न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 2.8 डिग्री सेल्सियस जबकि पालमपुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलंग में न्यनूतम तापमान -9.7 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में -1.6 डिग्री सेल्सियस जबकि मनाली में -0.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गत दिनों हुई बर्फबारी के कारण शिमला जिला के तहत डोडरा क्वार शेष विश्व से कटा हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश में आठ दिसंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।