राठौर के ताजपोशी समारोह से सुक्खू का किनारा, मंच पर अफरा-तफरी
कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी समारोह से पूर्व अध्यक्ष सुक्खू ने किनारा कर लिया है। स्टेज के फपर अफरा-तफरी का माहौल दिख रहा है।
जेएनएन, शिमला। कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी पर चौड़ा मैदान शिमला में कार्यक्रम हो रहा है। लेकिन इसमें अफरा-तफरी का माहौल दिख रहा है। स्टेज पर जरूरत से ज्यादा पदाधिकारी जुट गए हैं, ऐसे में स्टेज कभी भी टूट सकता है।
कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी नेताओं से बार-बार आग्रह कर रहे हैं कि विधायकों के अलावा बाकी लोग स्टेज से नीचे से उतर जाएं। लेकिन कोई भी बात सुनने को तैयार नहीं है। समारोह में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू नहीं पहुंच पाए हैं। सुक्खू सहित पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता जीएस बाली ने भी कार्यक्रम से दूरी बनाई है।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, डलहौजी की विधायक एवं पंजाब कांग्रेस प्रभारी आशा कुमारी, सहित कई नेता मौजूद हैं। नए प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स के पांव छूकर आशीर्वाद लिया।
जयराम शरीफ पर उडऩे का बहुत शौक : वीरभद्र
वीरभद्र ने कहा कि मेरा पूरा सहयोग है और रहेगा। पूरे हिमाचल का सहयोग मिलेगा। सोच समझ कर निर्णय लिया है। हिमाचल में इत्तेफाक की सरकार है, कोई अमल नहीं हो रहा है। जयराम शरीफ हैं पर उडऩे का बहुत शौक है। जबकि सड़क से लोगों से मिलते हुए जाना चाहिए। सब जगह सड़कें पहुंची हैं। मेरी आलोचना करते हैं कि वीरभद्र ने रेवडिय़ां बांटी। विकास कागजों में हो रहा है जो पुल ओर भवन का उद्धघाटन कर रहे हैं कांग्रेस ने बनाए। सरकार प्रदेश में एक टांग से चल रही है। ऐसे सलाहकार हैं, जो शुभचिंतक नहीं है।
मंच से घोषणा, सुक्खू एंडोस्कोपी करवा रहे हैं
कांग्रेस पदाधिकारियों ने मंच से कहा कि सुक्खू एंडोस्कोपी करवाने आइजीएमसी शिमला गए हैं। कुछ देर बाद कांग्रेस भवन आएंगे। सुक्खू के कार्यक्रम में न आने को लेकर कार्यकर्ताओं में भी अफरा-तफरी देखी गई थी। जिसके बाद पार्टी पदाधिकारियों ने यह घोषणा की।
रो पड़े कुलदीप सिंह राठौर
मंच पर संबोधन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी ने उन्हें अध्यक्ष बनाने की बात कही तो वह भावुक हो गए। तर्क दिया कि मैं तो कभी विधायक भी नहीं बना हूं, फिर मैं कैसे पार्टी अध्यक्ष बनूंगा? इस पर राहुल गांधी ने कहा कि आप कार्यकर्ता के दर्द को समझते हैं। राठौर ने भी कहा कि सुक्खू से बात हुई है, वह अस्पताल से सीधे कार्यालय आएंगे।