नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का आरोप, हिमाचल की धरोहरें बेचकर जनता को गुमराह कर रही सुक्खू सरकार
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल सरकार पर पूर्व भाजपा सरकार के जीते केसों को अपनी उपलब्धि बताने का आरोप लगाया है।

जयराम का आरोप, हमारी उपलब्धियों को अपना बता रही सरकार (फाइल फोटो)
HighLights
सरकार पर पूर्व भाजपा की उपलब्धियों को अपना बताने का आरोप।
वाइल्ड फ्लावर हाल समेत राज्य की संपत्तियां बेचने का आरोप।
मेडिकल डिवाइस पार्क और होटलों में भ्रष्टाचार का दावा।
जागरण संवाद केंद्र, शिमला। हिमाचल में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि पूर्व भाजपा सरकार के समय जीते केस को अपनी उपलब्धि बताकर मुख्यमंत्री प्रदेश के लोगों को गुमराह करना चाहते हैं।
उन्होंने यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि प्रदेश की धरोहरों और संपत्ति को बेचने का काम किया जा रहा है। वाइल्ड फ्लावर हाल को निजी कंपनी को सौंपने के मामले में भी पारदर्शिता नहीं दिखाई।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धारा 118 में भी बदलाव के लिए दो बार विधानसभा में बिल लाई, जिन्हें विपक्ष के विरोध के बाद रोका गया। मेडिकल डिवाइस पार्क, जिससे प्रदेश की सूरत बदल सकती थी, में सरकार से जुड़े लोगों और उनके करीबियों को प्लाट बेचने का आरोप लगाया। जयराम ने कहा कि नुकसान के नाम पर सरकार ने एचपीटीडीसी के होटलों को पहले अपने लोगों को देने की शुरुआत हुई।
आरोप लगाया कि पहले 14 होटल बेचने, फिर विपक्ष और लोगों के विरोध के कारण आठ होटल लीज पर देने का निर्णय हुआ। हिम चंडीगढ़ की स्कीम भी लाई गई है, आने वाले समय में यह भ्रष्टाचार का अड्डा बनकर सामने आएगी। जयराम ने आरोप लगाया कि लोगों से जबरदस्ती जमीनें लेने की कार्रवाई चल रही है। पंचायत प्रतिनिधियों पर एनओसी देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।