सुक्खू सरकार के 4 साल, प्राकृतिक खेती पर देश का पहला MSP मॉडल; गेहूं ₹80-हल्दी ₹150 किलो व दूध ₹71 लीटर
सुक्खू सरकार ने चार वर्षों में हिमाचल की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसमें प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना, फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाना और दूध खरीद दरों में वृद्धि शामिल है।

सुक्खू सरकार ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल में अन्न दाता पर दांव लगाया है।
HighLights
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, देश का पहला MSP मॉडल लागू।
प्राकृतिक फसलों का MSP बढ़ा, दूध खरीद मूल्य में भारी वृद्धि।
फसल सुरक्षा अनुदान, बीज बैंक, किसान कल्याण पर जोर।
यादवेन्द्र शर्मा, शिमला। वर्तमान सुक्खू सरकार ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल में अन्न दाता पर दांव लगाया है। जहां प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर बीमारियों से छुटकारा और किसानों की आय को बढ़ाने का काम किया है।
प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने को देश का पहला एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) माडल लागू किया है। जिसमें खेती को केवल परंपरागत उत्पादन व्यवस्था से निकालकर किसान की आय और बाजार सुरक्षा से जोड़ने की दिशा में सुक्खू सरकार के चार वर्षों में कई नीतिगत निर्णयों को लागू किया।
हिमाचल देश का पहला राज्य बना जिसने प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों गेहूं का समर्थन मूल्य 60 फिर से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलो, मक्की का 40 से 50, पांगी घाटी के जौ का 60 से 80 रुपये, कच्ची हल्दी का 90 से 150 रुपये और अदरक 30 रुपये प्रति किलो किया गया।
राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत 2.50 लाख किसान और बागबान परिवार 40 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में इस पद्धति को पूरी तरह या आंशिक रूप से अपना चुके हैं। यह पद्धति प्रदेश की 99.3 प्रतिशत पंचायतों तक पहुंच चुकी है और 38,437 हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती की जा रही है।
सरकार का लक्ष्य उत्पादन लागत घटाना, मिट्टी की गुणवत्ता सुधारना और रासायनिक इनपुट पर निर्भरता कम करना है। गोबर खरीद तो शुरू की लेकिन किसान 3 रुपये प्रति किलो गोबर बेचने को तैयार नहीं है। जिसका कारण गोबर महंगे दामों पर बिक रहा है।
सरकार ने पारंपरिक बीजों के संरक्षण के लिए बीज गांव और सामुदायिक बीज बैंक विकसित कर 50 से 100 किसानों के समूहों के माध्यम से पारंपरिक बीज उत्पादन, भंडारण और जलवायु अनुकूल फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
दूध की कीमत 32 से 61 रुपये, भैंस का दूध 71 रुपये
कृषि अर्थव्यवस्था को पशुपालन से जोड़ने के लिए गाय के दूध का खरीद मूल्य 32 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध का 47 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति लीटर किया गया। दूध उत्पादकों को सहकारी समितियों से जोड़ने, गांवों में दूध संग्रहण सुविधाएं बढ़ाने और प्रसंस्करण क्षमता विकसित करने पर भी निवेश कर रहे हैं।
कांगड़ा के ढगवार में 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता का आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। जिसे तीन लाख लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाया जा सकता है। इससे दूध उत्पादकों को संगठित बाजार और प्रसंस्करण नेटवर्क से जोड़ने की उम्मीद है।
जंगली जानवरों से सुरक्षा को 2780 किसानों को 52 करोड़ का अनुदान
पहाड़ी क्षेत्रों में बंदरों, जंगली सूअर और अन्य वन्यजीवों से फसल नुकसान किसानों के लिए बड़ी चुनौती है। फसल सुरक्षा के लिए बाड़बंदी योजनाओं, सौर बाड़ और अन्य अनुमोदित उपायों के माध्यम से खेतों की सुरक्षा पर जोर दिया गया है।इसके लिए 70 प्रतिशत अनुदान के तहत 52 करोड़ का अनुदान प्रदान किया।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने बताया कि वर्तमान सरकार ने कृषि क्षेत्र में बेहतर काम किए हैं। हिमाचल देश का पहला राज्य है जिसने किसानों के लिए प्राकृतिक फसलों को इतने ऊंचे न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किए हैं। आने वाले समय में अन्य फसलों को क्षेत्र के आधार पर शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
किसानों की आय बढ़ाने को दूध के दाम बढ़ाए गए जो पूर्व की सरकारों में इतने अधिक नहीं बढ़े। किसानों को अनुदान पर बीज देने के अलावा उन्हें खेत पर वैज्ञानिक खेती और उपचार की जानकारी और उपकरणों के अलावा फसल सुरक्षा के के लिए अनुदान दिया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।