शिमला में स्पर का धमाकेदार आगाज, चार हजार में बिकी पेटी
जिला शिमला में सेब सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को स्पर स
जागरण संवाददाता, शिमला : जिला शिमला में सेब सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को स्पर सेब की धमाकेदार एंट्री हुई, इसकी 4000 रुपये प्रति पेटी बिकी। सेब सीजन के शुरुआत में ही अच्छे दाम मिलने से बागवानों के चेहरे खिल गए हैं। बागवानों को कोरोना संकट में कम दाम मिलने का संकट सता रहा था, लेकिन अच्छे दाम मिलने से खुश हैं। राजधानी शिमला की भट्टाकुफर फल मंडी में अर्ली वैरायटी के साथ स्पर वैरायटी का सेब पहुंच रहा है। सेब की आवक बढ़ने के साथ दाम में भी उछाल आया है।
शुक्रवार को ठियोग के त्याली गांव के बागवान राम स्वरूप स्पर की 40 पेटियां लेकर आए थे। बोली दो हजार रुपये से शुरू हुई थी, जो चार हजार तक पहुंची। अब बागवानों को दिल्ली, चंडीगढ़ या दूसरे राज्यों में सेब बेचने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शिमला में ही अच्छी कमाई कर सकेंगे। इस सेब की क्वालिटी बहुत बढि़या है। रंग और वजन में सेब ए ग्रेड है। हालांकि दूसरी किस्मों के दाम काफी कम हैं। कुछ दिनों में मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों से बढि़या साइज वाला सेब उतरने की उम्मीद है। हरीश की आढ़त में सेब की बिक्री हुई है। यह इस सीजन की सबसे ज्यादा रेट की बिक्री मानी जा रही है।