सोनिया व प्रियंका ने बारिश के बीच निहारा आशियाना
शिमला : कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री सोनिया गांधी ने वीरवार को बारिश के बीच छराबड़ा पहुंची
राज्य ब्यूरो, शिमला : कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री सोनिया गांधी ने वीरवार को बारिश के बीच छराबड़ा में बेटी प्रियंका वाड्रा के निर्माणाधीन भवन का जायजा लिया। सोनिया और प्रियंका ने करीब एक घंटे तक इंटीरियर डिजाइनरों के साथ कमरों में लगने वाले हर डिजाइन पर चर्चा की। मौसम में आए बदलाव के चलते तापमान काफी नीचे गिरा है, जिसके फलस्वरूप ठंड बढ़ गई है। बीमार होने के कारण सोनिया गांधी अधिक समय तक ऐसे मौसम से दूर रहती हैं। यही वजह है कि बुधवार को भी वह भवन तक नहीं पहुंच पाई थी। निर्माणाधीन भवन में ईट-पत्थर और प्लास्टर का काम पूरा हो चुका है। अब लकड़ी का काम होना शेष रह गया है। रसोई में चिमनी भी स्थापित की जा रही है, ताकि रोटी चूल्हे पर भी पकाने की व्यवस्था हो सके।
जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी का वीरवार को दिल्ली लौटने का कार्यक्रम था। हालांकि निर्माणाधीन भवन में शेष कार्य पूरा करने के लिए कामगारों को दिशानिर्देश नहीं दिए जा सके। ऐसे में शुक्रवार को सुबह धूप खिलने की स्थिति में सोनिया व प्रियंका भवन स्थल का निरीक्षण करने के लिए पहुंच सकती हैं और दोपहर तक उनका दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। दोनों छराबड़ा के वाइल्ड फ्लावर हॉल होटल में रुकी हैं। दो दिन से बारिश होने की वजह से पूरा क्षेत्र धुंध से घिरा हुआ है। ऐसी जानकारी है कि सोनिया ने प्रियंका के साथ होटल के लॉन की हरी घास पर सैर की।