यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रोहतांग में गिरे बर्फ के फाहे, नही हुई बारिश
मौसम विभाग ने छह व सात दिसंबर को प्रदेश के ऊंचे व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है।

शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग की भविष्यवाणी फेल हो गई है। बादलों के दिनभर छाए रहने के बावजूद दूसरे दिन मंगलवार को भी प्रदेश में कहीं बारिश नहीं हुई। हालांकि कुल्लू जिला में रोहतांग दर्रे पर बर्फ के फाहे गिरे।
मौसम विभाग ने छह व सात दिसंबर को प्रदेश के ऊंचे व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश व बर्फबारी हो सकती है। प्रदेश में मंगलवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। इस कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तापमान में अलग-अलग प्रभाव रहा। केलंग व कल्पा सहित प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में सुधार होने से ठंड से राहत मिली है। कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है जिससे ठंड बढ़ी है।
प्रदेश में सोमवार को केलंग का न्यूनतम तापमान-4.2 डिग्री सेल्सियस था जो मंगलवार को -2.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। प्रदेश में अधिकतम तापमान ऊना में 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: एनजीटी के आदेश के खिलाफ अपील करेगी प्रदेश सरकार