विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, रोहतांग-शिंकुला में आधा फीट हिमपात से रास्ते बंद; पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी

Published: Sat, 14 Nov 2026 06:14 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश के रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रों पर आधा फीट ताजा हिमपात हुआ है, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रुक गई है और ठंड बढ़ गई है।

रोहतांग-शिंकुला में आधा फीट हिमपात से रास्ते बंद। फोटो जागरण

रोहतांग-शिंकुला में आधा फीट हिमपात से रास्ते बंद। फोटो जागरण

HighLights

  1. रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा दर्रों पर आधा फीट ताजा हिमपात।

  2. हिमपात के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हुई।

  3. पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी, ठंड में हुई बढ़ोतरी।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रे पर आधा फीट ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। इसके कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है।कई स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई है।हिमपात के बाद पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है जिसमें एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। हिमपात और वर्षा के कारण ठंड बढ़ गई है।

प्रदेश में नवंबर माह के दौरान एक दो स्थानों पर बूंदाबांदी के अलावा पूरी तरह से सूखा रहा है। प्रदेश में नवंबर माह में 13 दिनों के दौरान केवल 1.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जो सामान्य वर्षा 7.6 मिलीमीटर की अपेक्षा 84 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

प्रदेश में बीते चौबीस घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कल्पा में 4.8 डिग्री, मनाली में 2.7, कुफरी में 1.9 डिग्री की गिरावट आई है। जबकि बिलासपुर में 4 डिग्री, भुंतर और कांगड़ा में 1.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है।

मौसम साफ रहने का अनुमान

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को चंबा में कुछ स्थानों पर आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर हिमपात और वर्षा का अनुमान है। जबकि कुछ एक स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। 15 नवंबर के बाद प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर मौसम के साफ रहने का अनुमान है।

प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कुकुमसेरी में सबसे कम -2.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। ऊना में जहां पर पारा नवंबर के शुरूआत में आज तक का सबसे अधिक 34 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया था अब 30.6 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के आंकड़ों के अनुसार बीते चौबीस घंटों के दौरान चंबा के सलूणी में 3.2, केलंग में 3, कुकुमसेरी में 2.4, जोत में 2 और सराहन में 1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जबकि प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 4.8 डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है।

मंडी में न्यूनतम तापमान में 4.8, चंबा में 4.1, मनाली, कंगड़ा, सुंदरनगर में 3.6 डिग्री और कल्पा में 2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया।

कहां कितना तापमान

स्थान न्यूनतम अधिकतम

  • शिमला 11.5 18.0
  • सुन्दरनगर 12.2 25.0
  • भुंतर 11.4 24.3
  • कल्पा 5.3 11.2
  • धर्मशाला 11.8 23.0
  • कांगड़ा 15.0 26.5
  • ऊना 11.5 30.6
  • नाहन 11.6 24.3
  • सोलन 10.0 24.7

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।