शिमला में युवक की हत्या कर हाईवे किनारे फेंका खून से लथपथ शव, सिर और गर्दन पर चोटों के निशान
शिमला जिले के जुब्बल में एक 33 वर्षीय युवक की हत्या कर शव हाईवे किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिमला के जुब्बल में युवक की हत्या कर शव हाईवे किनारे फेंक दिया। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
युवक की हत्या कर शव हाईवे किनारे फेंका गया।
मृतक के सिर, मुंह और गर्दन पर गंभीर चोटें थीं।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक युवक की हत्या कर शव हाईवे किनारे फेंक दिया गया। जुब्बल क्षेत्र में यह वारदात हुई है। 33 वर्षीय युवक के सिर, मुंह और गर्दन के आसपास चोटों के निशान थे और काफी खून बहा हुआ था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है व एसएसपी शिमला गौरव सिंह के निर्देश पर मामले की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शी के बयान दर्ज करने के बाद आगे पड़ताल कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शी कार सवार युवकों ने सड़क पर एक व्यक्ति को औंधे मुंह पड़े देखा। पास जाने पर देखा तो वह बेसुध था व खून बह रहा था। मौके पर एंबुलेंस को बुलाया गया। एंबुलेंस स्टाफ ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नेपाली मूल के हिरेन्द्र के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान नेपाली मूल के 33 वर्षीय हिरेन्द्र के रूप में हुई। वह कुछ समय से जुब्बल क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों व मृतक के शरीर पर मिले चोटों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें: 'भाई CM स्टाफ में है, सरकारी नौकरी दिला दूंगा', हिमाचल में जॉब के नाम लाखों का खेल; व्यक्ति से ऐंठ लिए 60 लाख
