शिमला विंटर कार्निवाल की तैयारियां शुरू, रिज मैदान पर सजेगा उत्सव; इस सप्ताह बैठक में होगा फैसला
राजधानी शिमला में क्रिसमस से नए साल तक रिज मैदान पर होने वाले विंटर कार्निवाल की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

शिमला विंटर कार्निवाल की तैयारियां शुरू (फाइल फोटो)
HighLights
शिमला में क्रिसमस-नए साल के लिए विंटर कार्निवाल की तैयारी
मेयर सुरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में अंतिम बैठक इसी सप्ताह
पहाड़ी, पंजाबी गायक और हास्य कलाकार करेंगे पर्यटकों का मनोरंजन
जागरण संवाददाता, शिमला। राजधानी शिमला में क्रिसमस से लेकर नए साल तक रिज मैदान पर होने वाले विंटर कार्निवाल की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
इस बार कार्निवाल कितने दिन तक चलेगा, इसमें कौन-कौन से कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे और कार्यक्रमों का स्वरूप क्या रहेगा, इन सभी पहलुओं पर इसी सप्ताह होने वाली बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
मेयर सुरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में विंटर कार्निवाल को अंतिम रूप देने की तैयारी है। नगर निगम प्रशासन की ओर से इसकी प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल पहले ही इस संबंध में अधिकारियों के साथ एक बैठक कर चुके हैं। इसमें आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई थी। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों से कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विस्तृत ब्योरा भी मांगा गया है।
अधिकारियों से मिलने वाली जानकारी और सुझावों को संकलित कर मेयर के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद बैठक में कार्निवाल की अवधि, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
पर्यटकों को किया जाएगा मनोरंजन
विंटर कार्निवाल में इस बार भी पहाड़ी और पंजाबी गायको के साथ हास्य कलाकारों को बुलाने की योजना है। इसके माध्यम से स्थानीय लोगों के साथ ही देश-विदेश से शिमला पहुंचने वाले पर्यटकों का मनोरंजन किया जाएगा।
कलाकारों के चयन और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर बैठक में विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा आयोजन को पहले से अधिक आकर्षक बनाने के लिए नए कार्यक्रमों को शामिल करने पर भी विचार किया जा सकता है।
हर साल क्रिसमस और नए साल के दौरान शिमला में पर्यटकों की आमद काफी बढ़ जाती है। इस दौरान शहर का पर्यटन सीजन चरम पर रहता है। ऐसे में रिज मैदान पर होने वाले विंटर कार्निवाल को पर्यटकों के मनोरंजन और शहर की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने के महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा जाता है। नगर निगम पिछले दो वर्षों से लगातार इसका आयोजन कर रहा है।
जल्द तय होगा कार्निवाल का स्वरूप
मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि विंटर कार्निवाल को लेकर जल्द ही बैठक की जाएगी। इसमें आयोजन से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा कर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रयास रहेगा कि इस बार भी स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए बेहतर मनोरंजन की व्यवस्था की जाए।