विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वीकेंड पर शिमला में पर्यटकों का जमावड़ा, शोघी बैरियर पर 50000 वाहन दर्ज; होटलों में 80 प्रतिशत आक्यूपेंसी

By Rohit Sharma Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 04 Oct 2026 05:33 PM (IST)

वीकेंड पर शिमला में पर्यटकों की भारी भीड़ देखी गई, जहाँ शोघी बैरियर से लगभग 50,000 वाहन गुजरे और होटलों में 80% तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।

शिमला शहर की सड़कों पर वाहनों का जमावड़ा।

शिमला शहर की सड़कों पर वाहनों का जमावड़ा।

HighLights

  1. वीकेंड पर शिमला में पर्यटकों की भारी भीड़ रही।

  2. शोघी बैरियर से 50 हजार वाहन शिमला पहुंचे और लौटे।

  3. शहर के होटलों में 80 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी दर्ज हुई।

जागरण संवाददाता, शिमला। वीकेंड पर राजधानी शिमला में पर्यटकों की खूब भीड़ रही। बीते तीन दिनों में शोघी बैरियर से करीब 50 हजार वाहन शिमला आए और वापस लौटे। पर्यटकों की बढ़ी संख्या का असर होटलों की बुकिंग पर भी देखने को मिला। शहर के होटलों में करीब 80 प्रतिशत तक आक्यूपेंसी दर्ज की गई है। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार इस बार पहले की अपेक्षा एडवांस बुकिंग में भी काफी बढ़ोतरी हुई है और करीब 30 से 40 प्रतिशत कमरे पहले ही बुक किए जा रहे हैं। हालांकि बिना एडवांस बुकिंग के शिमला पहुंचने वाले पर्यटकों को भी कमरे मिल रहे हैं। 

ट्रैफिक भी हुआ प्रभावित

वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ी आमद के साथ शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। ढली में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोलतार बिछाने का काम चलने के कारण शुक्रवार और शनिवार को वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। विधानसभा से एमएलए क्रॉसिंग तक भी वाहन जाम में फंसे रहे। इसके अलावा लिफ्ट के समीप कार्ट रोड पर भी वाहनों का दबाव अधिक रहा। 

रविवार को हालांकि यातायात अपेक्षाकृत सुचारू रहा, लेकिन पर्यटकों की वापसी के चलते दिन में फिर से जाम की स्थिति बनने की आशंका बनी रही। 

होटलों में विशेष पैकेज नहीं

पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि इस सप्ताहांत शिमला में पर्यटकों की अच्छी आमद से कारोबार को राहत मिली है। होटल कारोबार में भी तेजी देखने को मिली है। होटल संचालकों की ओर से फिलहाल कमरों की बुकिंग पर कोई विशेष छूट या पैकेज नहीं दिया जा रहा है। वहीं खाने को लेकर भी कोई विशेष पैकेज नहीं चल रहा है। पर्यटन कारोबारियों के मुताबिक पर्यटक एडवांस बुकिंग के साथ-साथ मौके पर पहुंचकर भी होटल में कमरे ले रहे हैं।

जाम से बचने के लिए समय का रखें ध्यान

शिमला पहुंचने वाले पर्यटकों को ढली, विधानसभा-एमएलए क्रॉसिंग और लिफ्ट के समीप कार्ट रोड पर पीक समय में जाने से बचने की सलाह दी जा रही है। खासकर सप्ताहांत पर शुक्रवार और शनिवार को इन मार्गों पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। 

पर्यटन कारोबारियों को मिली राहत

पर्यटन कारोबारी विनोद ठाकुर ने बताया कि इस सप्ताहांत पर्यटकों की अच्छी आमद रही और होटलों में करीब 80 प्रतिशत तक कमरे भरे रहे। एडवांस बुकिंग भी पहले की अपेक्षा बढ़ी है। टैक्सी यूनियन अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर के अनुसार पर्यटकों की संख्या बढ़ने से टैक्सी कारोबार को भी लाभ मिला है। शहर में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबारियों को भी राहत मिली है।

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति का मनाली दौरा: पर्यटकों के लिए रहेंगी पाबंदियां, अटल टनल के बजाय इन पर्यटन स्थलों की कर सकेंगे सैर