विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिल स्टेशन शिमला में अब कीजिए साइकिल पर सैर, शहर में बनेंगे दो ट्रैक; नगर निगम का स्टैंड और पार्किंग पर जोर

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 21 Jun 2026 02:07 PM (IST)

शिमला नगर निगम ने शहर में पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए दो साइकिल ट्रैक विकसित करने का ...और पढ़ें

शिमला शहर में साइकिल ट्रैक विकसित होंगे। प्रतीकात्मक फोटो

शिमला शहर में साइकिल ट्रैक विकसित होंगे। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. शिमला में दो नए साइकिल ट्रैक बनाने का फैसला।

  2. पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने का लक्ष्य।

  3. साइकिल स्टैंड पर अंतिम निर्णय 25 जून को।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। शहर में दो साइकिल ट्रैक विकसित करने का फैसला अंतिम रूप ले चुका है। हालांकि इन ट्रैकों से जुड़े साइकिल स्टैंड के निर्माण, स्थान और डिजाइन को लेकर अभी अंतिम सहमति नहीं बन पाई है। इस विषय पर 25 जून को दोबारा बैठक होगी।

नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में साइकिल ट्रैक परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने ट्रैक के संभावित रूट, सुविधाओं और संचालन व्यवस्था पर सुझाव रखे।

ये रहेंगे ट्रैक

योजना के मुताबिक पहला साइकिल ट्रैक सीटीओ से एडवांस स्टडी क्षेत्र होते हुए समरहिल तक विकसित किया जाएगा। दूसरा ट्रैक दाड़ा-संजौली क्षेत्र से शुरू होकर संजौली चौक, आइजीएमसी और आसपास के प्रमुख संस्थानों को जोड़ने के प्रस्ताव पर आधारित है। इन ट्रैकों का उद्देश्य शहर में छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना और वाहनों पर निर्भरता कम करना है। 

साइकिल स्टैंड और पार्किंग पर जोर

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि साइकिल ट्रैक तभी सफल हो सकते हैं जब उनके साथ पर्याप्त संख्या में साइकिल स्टैंड और पार्किंग सुविधाएं उपलब्ध हों। हालांकि साइकिल स्टैंड कहां बनाए जाएं, उनकी क्षमता कितनी हो और उनका स्वरूप कैसा हो, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका। अधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

क्या कहते हैं महापौर

महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि शहर में साइकिल आधारित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए ठोस योजना पर काम किया जा रहा है। साइकिल ट्रैक के साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 जून को प्रस्तावित बैठक में साइकिल स्टैंड के स्थान, डिजाइन और संचालन व्यवस्था पर अंतिम चर्चा की जाएगी।

यह भी पढ़ें: शिमला रिज पर योग का महासंगम, 5000 से अधिक लोगों ने किया सामूहिक अभ्यास; राज्यपाल बोले- यह भारत का अमूल्य उपहार