शिमला में जल्द बनेगा पहला साइकिल ट्रैक, सुक्खू सरकार खर्च करेगी 1.7 करोड़ रुपये; डीपीआर तैयार
शिमला नगर निगम की पोर्टर हिल पर साइकिल ट्रैक बनाने की योजना को पहली सफलता मिली है, जिसकी 1.7 करोड़ ...और पढ़ें

शिमला में बनेगा साइकिल ट्रैक (फाइल फोटो)
HighLights
पोर्टर हिल के लिए 1.7 करोड़ की डीपीआर तैयार
शिमला को मिलेगा पहला साइकिल ट्रैक, नई पहल
पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा
जागरण संवाददाता, शिमला। शिमला में पर्यावरण संरक्षण और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रोत्साहित करने की दिशा में नगर निगम की साइकिल ट्रैक बनाने की योजना को पहली सफलता मिली है।
शहर में प्रस्तावित पांच साइकिल ट्रैक में से पोर्टर हिल के लिए 1.7 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो गई है। इसके साथ ही शिमला को अपना पहला साइकिल ट्रैक मिलने की उम्मीद जगी है।
नगर निगम अब इस परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ेगा। नगर निगम शिमला ने शहर में लोगों को निजी वाहनों के बजाय साइकिल का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करने की योजना बनाई है।
पर्यावरण को सुरक्षित रखने की पहल
इसका उद्देश्य न केवल लोगों की सेहत को बेहतर बनाना है, बल्कि वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम कर राजधानी के पर्यावरण को भी सुरक्षित रखना है। इसी सोच के तहत शहर में पांच स्थानों पर साइकिल ट्रैक बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
हालांकि, पोर्टर हिल को छोड़कर अन्य चार प्रस्तावित साइकिल ट्रैक के लिए अभी जरूरी मंजूरियां नहीं मिल पाई हैं। इनमें शिमला-चायल, समरहिल ग्लैन, जाखू ,मशोबरा में बनने वाली साइकल ट्रेक शामिल हैं। इन स्थानों पर वन विभाग और संबंधित विभागों की मंजूरी मिलने के बाद ही डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
कई बैठकों के बाद मिली पहली सफलता
साइकिल ट्रैक परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए मेयर सुरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में कई बार बैठकें हो चुकी हैं। इनमें साइकिल संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ वन विभाग और पर्यटन विभाग के अधिकारियों से भी चर्चा की गई है।
अलग-अलग स्थानों पर ट्रैक बनाने की संभावनाओं और जरूरी औपचारिकताओं पर विचार किया गया है। मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि पोर्टरहिल की डीपीआर तैयार होने के बाद अब इस परियोजना के आगे बढ़ने का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।
अब उम्मीद है कि शहर का पहला साइकिल ट्रैक होगा। इससे शहर में साइकिल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी नई पहल शुरू होगी।