विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संकट मोचन मंदिर शिमला से सोने-चांदी के धार्मिक आभूषण चुराकर जंगल में छिपाए, पुलिस ने 22 दिन में की बरामदगी

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:49 PM (IST)

शिमला पुलिस ने संकट मोचन मंदिर चोरी मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की निशानदेही पर जंगल से चोरी हुए सोने-चांदी के सभी धार्मिक आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।

संकट मोचन मंदिर शिमला से चोरी के आभूषण बरामद कर लिए गए।

संकट मोचन मंदिर शिमला से चोरी के आभूषण बरामद कर लिए गए।

HighLights

  1. संकट मोचन मंदिर चोरी मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता।

  2. आरोपी की निशानदेही पर जंगल से शत-प्रतिशत सामान बरामद।

  3. सोने-चांदी के धार्मिक आभूषणों की हुई पूरी बरामदगी।

जागरण संवाददाता, शिमला। संकट मोचन मंदिर चोरी मामले में शिमला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर मंदिर से चोरी किए गए सोने-चांदी के धार्मिक आभूषण और अन्य सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली है। चोरी की गई संपत्ति कमयाणा में भराड़ी के समीप जंगल से बरामद की गई है। पुलिस ने वारदात के बाद 22 दिन के भीतर बरामदगी कर ली है। 

बरामद सामान में हनुमान जी की गदाएं, चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, कड़े, कुंडल, कटोरियां, चम्मच, हार, चांदी की जोत और चरण पादुकाएं सहित अन्य धार्मिक वस्तुएं शामिल हैं।

23 नवंबर को गिरफ्तार किया था आरोपित

पुलिस ने इस मामले में 23 नवंबर को हितेन्द्र कंवर उर्फ बंटी (31) निवासी बसंतपुर, तहसील सुन्नी को गिरफ्तार किया था। आरोपी की निशानदेही पर उसी दिन पुलिस टीम ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया और चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया। इस दौरान संकट मोचन मंदिर के ट्रस्टी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बरामद सामान की पहचान मंदिर से चोरी हुई संपत्ति के रूप में की।

पहली नवंबर को की थी चोरी

गौरतलब है कि एक नवंबर को संकट मोचन मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य धार्मिक सामान चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में पुलिस थाना पश्चिम में अभियोग संख्या 236/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने आरोपित को भारतीय न्याय संहिता की धारा 120बी के तहत गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना है कि चोरी की गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है। मामले में आगामी जांच जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।