हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों की जमीन की डिमार्केशन करवाएगी पुलिस, शिमला में कस दिया शिकंजा
पुलिस ने हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए उनकी अवैध रूप से अर्जित जमीनों की डिमार्केशन कर जब्त करने की रणनीति बनाई है।

पुलिस नशा तस्करों की जमीन की डिमार्केशन करवाएगी। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
नशा तस्करों की अवैध रूप से अर्जित जमीनों की अब डिमार्केशन होगी।
पुलिस ने राजस्व अधिकारियों संग मिलकर जमीन जब्त करने की रणनीति बनाई।
शिमला एसपी ने स्कूली छात्रों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों पर कार्रवाई करने के लिए पुलिस ने अपनी रणनीति में विस्तार किया है। अब शिमला पुलिस नशा तस्करों की जमीनों की डिमार्केशन करवाएगी। इसके लिए खंडस्तरीय एनकार्ड की बैठकों में पुलिस ने राजस्व अधिकारियों के साथ रणनीति तैयार की है। ऐसे मे अब नशा तस्करी से कमाई गई अवैध जमीन को भी जब्त किया जाएगा।
हाल ही में नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत एसडीपीओ चौपाल द्वारा एसडीएम कार्यालय चौपाल में एसडीएम चौपाल एवं उपमंडल चौपाल के अधिकारियों के साथ एनकार्ड बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नशा विरोधी अभियान, कानूनी जागरूकता तथा नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम एवं नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों पर चर्चा की गई तथा उपस्थित सदस्यों एवं प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत करवाया गया।
नशा-विरोधी अभियान व दायित्वों पर चर्चा
इसके अलावा एसडीपीओ रोहड़ू द्वारा एसडीएम कार्यालय रोहड़ू में उपमंडल स्तरीय एनकॉर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्यों के साथ नशा-विरोधी अभियान एवं विभागीय दायित्वों पर चर्चा की गई।
साथ ही, टिक्कर, रोहड़ू व चिड़गांव के राजस्व अधिकारियों के साथ सीमांकन मामलों में तेजी लाने हेतु बैठक की गई।
चौपाल में भी की बैठक
एसडीपीओ चौपाल द्वारा बीडीओ चौपाल एवं चौपाल की 5 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ बीडीओ कार्यालय, चौपाल में नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों हेतु नशा-विरोधी अभियान के अंतर्गत एनकॉर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशा-विरोधी अभियान, कानूनी जागरूकता, सामुदायिक पुलिसिंग एवं सड़क सुरक्षा के बारे मेंसी सभी उपस्थित सदस्यों को अवगत करवाया गया।
स्कूली छात्रों से खुद संवाद कर रहे एसपी
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाई जा रही रुस्तम योजना के को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने व्यक्तिगत रूप से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खलग का दौरा कर छट्ठी से दसवीं तक के लगभग 210 विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक एवं मानसिक प्रभावों तथा इससे दूर रहने के महत्व के बारे में जागरूक किया।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा अत्यंत सकारात्मक तरीके से अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से नशे के खिलाफ संकल्प को मजबूत किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला ने विद्यार्थियों से नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने एवं स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
