हिमाचल: बर्फबारी से निपटने के लिए शिमला नगर निगम की तैयारी, चार जोन में बांटा जाएगा शहर
शिमला नगर निगम ने सर्दियों में संभावित बर्फबारी से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत मंगलवार को एक विशेष बैठक प्रस्तावित है, जिसमें शहर को चार जोन में बांटकर बर्फ हटाने की विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाएगी।

बर्फबारी से निपटने के लिए जुटा शिमला नगर निगम (फाइल फोटो, जागरण)
HighLights
नगर निगम ने बर्फबारी से निपटने की तैयारी शुरू की
शहर को चार जोन में बांटकर बर्फ हटाई जाएगी
अस्पतालों तक पहुंचने वाले रास्तों को प्राथमिकता मिलेगी
जागरण संवाददाता, शिमला। सर्दियों में शिमला में होने वाली संभावित बर्फबारी से निपटने के लिए नगर निगम प्रशासन ने पहले से तैयारियां शुरू करने की योजना बनाई है। इसके तहत मंगलवार को नगर निगम प्रशासन की ओर से विशेष बैठक प्रस्तावित है।
बैठक में बर्फबारी के दौरान शहर में यातायात और जनजीवन सामान्य बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसमें बर्फ हटाने के लिए मशीनों की व्यवस्था करने से लेकर संवेदनशील रास्तों की पहचान और कर्मचारियों की तैनाती तक के मुद्दों पर चर्चा होगी।
जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
नगर निगम प्रशासन की योजना है कि बर्फबारी से निपटने के लिए सभी संभावित स्थानों पर पहले से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके लिए बर्फ हटाने वाली मशीनें किराये पर लेने सहित अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
साथ ही पिछले वर्षों में बर्फबारी के दौरान अपनाई गई व्यवस्थाओं और सामने आई चुनौतियों की भी समीक्षा की जाएगी, ताकि इस बार बेहतर तरीके से काम किया जा सके। बर्फबारी के दौरान शहर को चार जोन में बांटकर बर्फ हटाने का काम किया जाएगा। इसमें सबसे पहली प्राथमिकता अस्पतालों तक पहुंचने वाले रास्तों को दी जाएगी।
एंबुलेंस जैसे वाहनों को प्राथमिकता
इन सड़कों से बर्फ हटाने का काम सबसे पहले शुरू होगा, ताकि मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही प्रभावित न हो। इसके बाद उन रास्तों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां धूप नहीं पहुंचती और बर्फ लंबे समय तक जमी रहती है।
शहर के उन प्रमुख संपर्क मार्गों से भी बर्फ हटाई जाएगी, जिनका इस्तेमाल लोग रोजाना कार्यालय आने-जाने के लिए करते हैं। नगर निगम आयुक्त सचिन कमल की अध्यक्षता में प्रस्तावित बैठक में इन सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने पर चर्चा होगी।
प्रशासन का प्रयास है कि बर्फबारी शुरू होने से पहले ही जरूरी संसाधन और कार्ययोजना तैयार रहें, जिससे आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।