शिमला के धामी मेले में 25 मिनट तक बरसे पत्थर, मानव रक्त से भद्रकाली का तिलक कर निभाई वर्षों पुरानी परंपरा
शिमला के हलोग धामी मेले में दिवाली के दूसरे दिन 25 मिनट तक जमोगी और कटेड़ू टोलियों के बीच पत्थरों की बरसात हुई।
HighLights
धामी मेले में 25 मिनट तक जमोगी-कटेड़ू टोलियों में पत्थरबाजी हुई।
घायल के खून से भद्रकाली को तिलक कर परंपरा संपन्न की गई।
यह प्रथा नरबलि के विकल्प के रूप में सदियों पहले शुरू हुई थी।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में जिला शिमला के हलोग धामी मेले में लगातार 25 मिनट तक पत्थर बरसे। दीवाली के दूसरे दिन सोमवार को धामी के चौरा नामक स्थान पर घाटी के दोनों ओर से जमोगी और कटेड़ू टोलियों के बीच जमकर पत्थरों की बरसात हुई। इस बार करीब 25 मिनट तक लगातार दोनों टोलियों की ओर से पत्थर बरसाए गए। साढ़े तीन बजे से लेकर 3.55 तक पत्थर बरसते रहे।
इस खेल में जमोगी टोली के महेश वर्मा के पत्थर लगा। उनके खून से परंपरा के अनुसार खेल का चौरा में स्थित मां भद्रकाली के मंदिर में तिलक कर पत्थर का खेल संपन्न हुआ। पत्थर लगने पर मौजूद सैकड़ों लोग ढोल नगाड़ों की थाप पर एक साथ थिरकते रहे।
झंडा लहराते ही बरसाने लगे पत्थर
मेले के शुरू में मंदिर में मात्था टेकने के बाद झंडा लहराने के आयोजकों के इशारे के साथ ही घाटी के एक ओर एकत्र जमोगी और दूसरी ओर कटेड़ू टोली के लोगों न पत्थर बरसाना शुरू कर दिया।
सड़क से रोक दी गई आवाजाही
पत्थर के इस खेल के दौराना बीच से गुजर रही सड़क से वाहनों की आवाजाही और पैदल लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी।
तिलक के बाद दिया प्राथमिक उपचार
करीब 3.55 पर जमोगी टोली की ओर से महेश वर्मा पत्थर लगने पर खेल को आयोजकों ने रोकने का इशारा किया। इसके बाद समारक पर मत्था टेका गया, इसी दौरान पहाड़ी पर बने भद्रकाली के मंदिर में तिलक कर परंपरा को पूरा किया गया। महेश वर्मा को प्राथमिक उपचार दिया गया।
हजारों लोग जुटे
इस रोमांचक और अनोखी परंपरा को देखने के लिए दोपहर से ही हजारों की संख्या में लोग जुटे थे। जगदीप सिंह ने माता के मंदिर में पूजा अर्चना कर क्षेत्र की रक्षा और लोगों की सुख समृद्धि के लिए पूजा अर्चना की।
नर बलि के विकल्प के रूप में शुरू हुई थी प्रथा
राज परिवार के उत्तराधिकारी जगदीप सिंह ने बताया सदियों पूर्व राज परिवार की राज माता ने मानव बलि के विकल्प के रूप में इस खेल को शुरू किया था, इससे क्षेत्र की जनता पर कोई संकट न आए। धामी रियासत में एक के बाद एक अनिष्ट को होने से रोकने और लोगों की सुख-समृद्धि के लिए नरबलि की प्रथा होती थी। राज माता ने इसे बंद करवाया और इसके स्थान पर पत्थर का खेल शुरू करवाया, जिससे किसी को अपनी जान न देनी पड़े और अनिष्ट न हो।
इस विकल्प में खेल में चोट लगने पर निकलने वाले खून से भद्रकाली के खेल का चौरा में बने मंदिर में तिलक किया जाने लगा। तब से यह लगातार प्रथा चलती आ रही है। कोरोना काल में जगदीप सिंह ने अपने खून से भद्रकाली को तिलक कर इस प्रथा को टूटने नहीं दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।