शिमला के संजौली में उमड़ा छठ का सैलाब, 'मिनी बिहार' में तब्दील हुई बावड़ी; भीड़ के आगे कम पड़ी व्यवस्थाएं
राजधानी शिमला के संजौली में छठ पूजा के अवसर पर बिहार मूल के श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और उल्लास के ...और पढ़ें

शिमला के संजौली में उमड़ा छठ का सैलाब (जागरण फोटो)
HighLights
संजौली में छठ पूजा पर उमड़ा आस्था का सैलाब
बिहार मूल के श्रद्धालुओं ने मनाया महापर्व, दिखा मिनी बिहार
बढ़ती भीड़ के कारण सुविधाओं की कमी, व्यवस्था सुधार की मांग
राज्य ब्यूरो, शिमला। राजधानी शिमला के संजौली में छठ पूजा के अवसर पर आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि बावड़ी के पास पूरा क्षेत्र मिनी बिहार में तब्दील नजर आया।
छठी मैया के जयकारों, पारंपरिक गीतों और सूर्य उपासना के बीच बिहार मूल के श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ महापर्व मनाया।
36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के बाद व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की और फिर व्रत का पारण किया।
बावड़ी के पास सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। हाथों में पूजा की टोकरी, उसमें फल, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद लेकर महिलाएं और पुरुष सूर्य देव की आराधना में लीन दिखे।
छठ के पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच संजौली का माहौल बिहार के किसी घाट जैसा नजर आया। पहाड़ों की रानी शिमला में बसे बिहार के लोगों ने अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़ाव की ऐसी मिसाल पेश की, जिसमें आस्था के साथ अपनापन भी झलका।
भैरव गुप्ता 15 साल से मना रहे छठ पर्व
बिहार के दरभंगा निवासी भैरव गुप्ता ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से संजौली में छठ पर्व मना रहे हैं। हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, लेकिन इसके अनुरूप व्यवस्था नहीं हो पाई है।
बावड़ी के आसपास जगह कम पड़ जाती है और भारी भीड़ के कारण पूजा करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व उनके लिए केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपरा से जुड़े रहने का अवसर भी है।
दरभंगा की ही रूबी ने भी पूरे श्रद्धाभाव से छठ पर्व मनाया। उन्होंने कहा कि बिहार से दूर शिमला में भी लोग पूरी निष्ठा और परंपरा के साथ यह महापर्व मनाते हैं।
प्रशासन ने सुविधाओं का रखा ध्यान
हालांकि, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां पर्याप्त सुविधाओं और बेहतर व्यवस्था की जरूरत है। प्रशासन को पूजा स्थल पर जगह, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं का प्रबंध करना चाहिए, ताकि व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
छठ पर्व ने एक बार फिर यह दिखाया कि रोजगार और बेहतर भविष्य की तलाश में पहाड़ों पर पहुंचे लोग अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान को नहीं भूले हैं। संजौली में उमड़ी भीड़ ने जहां बिहार की लोक आस्था की जीवंत तस्वीर पेश की, वहीं हर साल बढ़ते आयोजन के बीच व्यवस्थाओं की कमी भी उजागर कर दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।