बेटी बनी हरियाणा की बहू तो भूली हिमाचल सरकार, रितु नेगी को एक करोड़ न देने पर पिता बोले- क्या रिश्ते खत्म हो गए?
हिमाचल सरकार ने एशियाई खेलों की कबड्डी खिलाड़ी रितु नेगी को शादी के बाद हरियाणा की बहू बनने के कारण एक करोड़ रुपये का इनाम देने से इनकार कर दिया।

कबड्डी खिलाड़ी रितु नेगी और उनके पिता भवान नेगी। जागरण आर्काइव
HighLights
रितु नेगी को हिमाचल सरकार ने इनाम देने से किया इनकार।
शादी के बाद हरियाणा की बहू बनने पर इनाम रोका गया।
पिता और पूर्व विधायक ने सरकार के फैसले पर उठाए सवाल।
जागरण टीम, नाहन। हिमाचल प्रदेश सरकार ने एशियाई खेलों में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को इनाम की घोषणा की है। कबड्डी टीम में हिमाचल प्रदेश की चार खिलाड़ी शामिल थीं, लेकिन तीन को ही एक-एक करोड़ देने का एलान किया गया। चौथी खिलाड़ी रितु नेगी को इसलिए इनाम नहीं दिया गया, क्योंकि उसकी शादी हो गई है।
हिमाचल के सिरमौर जिले की यह बेटी शादी के बाद हरियाणा की बहू बन गई तो उसे इनाम से दूर कर दिया गया। जबकि बचपन से रितु ने हिमाचल में खेलकर राज्य के लिए कई मेडल जीते हैं।
क्या रिश्ते खत्म हो गए
रितु नेगी के पिता भवान नेगी ने सरकार के इस कदम को बेहद हास्यप्रद बताया है। उन्होंने कहा कि शादी होने से क्या रिश्ते खत्म हो गए, रितु हमारी बेटी नहीं है। 20 साल हिमाचल को दिए। कई मेडल प्रदेश के लिए जीते। एशियाई खेलों में जब गोल्ड मेडल जीते तो सभी बोल रहे थे कि हिमाचल की चार बेटियां छा गईं। इनाम देने की बात आई तो रितु को भुला दिया गया।
रितु के पति भी कबड्डी खिलाड़ी
रितु नेगी की शादी हरियाणा के पानीपत में हुई है। रितु के पति रोहित गुलिया भी कबड्डी खिलाड़ी हैं और भारतीय टीम में खेलते हैं। अभी हरियाणा सरकार की ओर तरफ रितु के लिए कोई इनाम घोषित नहीं किया गया है। वहीं, हिमाचल सरकार ने भी उनका नाम लिस्ट से हटा दिया।
रेलवे में कार्यरत हैं रितु
रितु नेगी भारतीय कबड्डी टीम की कप्तान भी रही हैं। वह वर्तमान में रेलवे में कार्यरत हैं। सरकार ने उन्हें रेलवे में नौकरी दी हुई है। रितु के पिता हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग से मुख्य अध्यापक पद से रिटायर हुए हैं।
किस खिलाड़ी को कितना इनाम
हिमाचल सरकार ने गोल्ड मेडल जीतने वाली कबड्डी टीम की प्लेयर पुष्पा राणा, भावना ठाकुर व ज्योति को एक-एक करोड़ रुपये और पुलिस में इंस्पेक्टर रैंक की नौकरी की घोषणा की है। वहीं, मैराथन में सिल्वर मेडल जीतने वाले सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये और 10 हजार मीटर में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली चंबा की सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये इनाम की घोषणा की है।
रितु नेगी से सौतेला व्यवहार : बलदेव तोमर
शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने सरकार से पूछा है कि शिलाई की बेटी और भारतीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान रही रितु नेगी के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है। बलदेव तोमर ने कहा कि रितु नेगी ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और हिमाचल का नाम रोशन किया है। वह शिलाई की बेटी हैं और हिमाचल की उन बेटियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर देश को गौरवान्वित किया। रितु नेगी को एक करोड़ इनाम से बाहर रखना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। किसी खिलाड़ी की शादी हरियाणा में हो जाने से उसकी हिमाचली पहचान और प्रदेश के प्रति उसका योगदान समाप्त नहीं हो जाता।
