हिमाचल में रजिस्ट्री अब पासपोर्ट सेवा केंद्र जैसी आसान, 4 जिलों में बनेंगे आधुनिक केंद्र; हर दफ्तर को 50 लाख
हिमाचल प्रदेश में संपत्ति पंजीकरण कार्यालयों को पासपोर्ट सेवा केंद्रों की तर्ज पर आधुनिक बनाया जाएगा। इससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, प्रक्रिया पारदर्शी होगी और प्रतीक्षा समय कम होगा।

पासपोर्ट सेवा केंद्रों की तर्ज पर बनेंगे प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन सेंटर, चार जिलों से शुरुआत।
HighLights
पंजीकरण कार्यालयों का पासपोर्ट सेवा केंद्रों की तर्ज पर आधुनिकीकरण होगा
शिमला, सोलन, कांगड़ा, सिरमौर में पहले चरण की शुरुआत होगी
आधुनिक सुविधाओं से प्रतीक्षा घटेगी, प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी
राज्य ब्यूरो, शिमला। जमीन और मकान की रजिस्ट्री करवाने के लिए उप-पंजीयक कार्यालयों में लंबी कतारों, अव्यवस्थित इंतजार और औपचारिकताओं के झंझट से राहत देने की तैयारी है।
प्रदेश सरकार शिमला, सोलन, कांगड़ा और सिरमौर के अधिक कार्यभार वाले उप-पंजीयक कार्यालयों को पासपोर्ट सेवा केंद्रों की तर्ज पर आधुनिक पंजीकरण सेवा केंद्र के रूप में विकसित करेगी।
डिजिटल इंडिया भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम (डीआइएलआरएमपी 3.0) के तहत प्रत्येक चयनित कार्यालय को आधुनिकीकरण के लिए 50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।
प्रदेश में पहले से राष्ट्रीय सामान्य दस्तावेज पंजीकरण प्रणाली (एनजीडीआर) और माई डीड सुविधा लागू है। आधुनिक केंद्र इन डिजिटल सेवाओं को बेहतर भौतिक ढांचे से जोड़ेंगे, जिससे दस्तावेज तैयार करने से लेकर पंजीकरण प्रक्रिया तक नागरिकों को सहूलियत मलेगी।
नए केंद्रों में बेहतर प्रतीक्षालय, नागरिक सुविधा काउंटर, डिजिटल कतार प्रबंधन, टोकन जनरेशन, दस्तावेज स्कैनर, बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण, सीसीटीवी निगरानी और अग्नि सुरक्षा जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था होगी। इससे लोगों को रजिस्ट्री की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अधिक व्यवस्थित वातावरण मिलेगा, अनावश्यक प्रतीक्षा घटेगी और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
कार्यालयों की जरूरत के आकलन के लिए जिला स्तर पर समितियां गठित होंगी। इनमें एसडीएम, अधिशासी अभियंता, तहसीलदार और उपायुक्त द्वारा नामित आइटी विशेषज्ञ शामिल होंगे। समितियां भवन, निर्माण, आईटी जरूरतों, लागत अनुमान और कार्यप्रणाली का आकलन करेंगी।
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बताया कि संपत्ति पंजीकरण महत्वपूर्ण जनसेवा है। आधुनिक तकनीक और व्यवस्थित सुविधाओं से इसमें लगने वाला समय कम होगा। पारदर्शिता बढ़ेगी तथा लोगों को बेहतर और जवाबदेह सेवाएं मिलेंगी।