Move to Jagran APP

वंदे मातरम से शुरू, राष्ट्रगान से संपन्न होंगी कांग्रेस की बैठक

हिमाचल कार्यकारिणी की बैठक में नेताओं ने गाया वंदे मातरम और जन-गण-मन  सर्वसम्मति से लिया फैसला, हर बैठक में राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान गाएंगे।

By BabitaEdited By: Published: Fri, 04 Jan 2019 10:05 AM (IST)Updated: Fri, 04 Jan 2019 10:05 AM (IST)
वंदे मातरम से शुरू, राष्ट्रगान से संपन्न होंगी कांग्रेस की बैठक

शिमला, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश में वंदे मातरम पर कमल नाथ सरकार के आदेश से भले ही सियासी घमासान मचा रहा, लेकिन हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने पहल की है। शिमला स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में वीरवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शुरू होने से पहले सभी पार्टीजनों ने वंदे मातरम (राष्ट्रगीत) और जन-गण मन (राष्ट्रगान) गाया।

loksabha election banner

प्रदेश कांग्रेस ने फैसला किया है कि प्रदेश कार्यकारिणी समेत किसी भी स्तर पर होने वाली पार्टी बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत के साथ होगी जबकि समापन राष्ट्रगान के साथ होगा। कांग्रेस महासचिव नरेश चौहान ने बताया कि बैठक में मौजूद सदस्यों  के साथ-साथ जिला अध्यक्ष-महासचिवों के सुझाव पर सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है। उनका कहना है कि राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान कांग्रेस के लिए नई बात नहीं है। स्वतंत्रता आंदोलन और उसके बाद कांग्रेस अधिवेशनों में इसे गाया जाना आम बात थी। 

भाजपा सरकार में नहीं व्यवस्था

प्रदेश में सरकार भाजपा की है लेकिन सरकार के किसी भी समारोह में इस तरह के गान की व्यवस्था नहीं है। इससे पूर्व भी भाजपा सरकारों के कार्यकाल में ऐसा कोई प्रावधान नहीं था। 

ये हमारी जीत है कि कांग्रेस ने भी बैठकों में वंदेमातरम व राष्ट्रगान गाना शुरू कर दिया है। भाजपा की प्रत्येक बैठक की शुरुआत वंदेमातरम के साथ ही होती है।

-रणधीर शर्मा, मुख्य प्रवक्ता, प्रदेश भाजपा

29 दिसंबर को मैंने सभी जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को पत्र लिखकर निर्देश दिया था कि हर बैठक की शुरुआत वंदेमातरम से होगी और समापन राष्ट्रगान के साथ। कांग्रेस के स्थापना दिवस पर प्रदेश मुख्यालय पर हुए कार्यक्रम में भी वंदेमातरम व जन-गण-मण गाया गया था।

-सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

तथाकथित धर्मनिरपेक्ष लोगों को लुभाने के लिए कांग्रेस कई गलतियां करती रही है। तुष्टिकरण के चक्कर में पार्टी

राष्ट्रवाद को भूलती रही है। हिमाचल कांग्रेस सुधार कर रही है तो यह अच्छी पहल है। भाजपा पहले से ही बैठकों की शुरुआत वंदेमातरम व  समापन राष्ट्रगान के साथ करती रही है।

-सतपाल सिंह सत्ती, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.