यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 14, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
महिला डॉक्टर से 59 हजार की ऑनलाइन ठगी
शहर में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है।

जागरण संवाददाता, शिमला : शहर में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। इस बार साइबर के माध्यम से ठगी करने वालों ने महिला डॉक्टर को निशाना बनाया है। महिला डॉक्टर ने ऑनलाइन पिज्जा मंगवाया और ऑनलाइन ही बैंक खाते से भुगतान किया।
महिला डॉक्टर के मुताबिक, ऑनलाइन पिज्जा ऑर्डर करने के लिए उसने एक लिक पर क्लिक किया। लिक में एक पिज्जा के साथ दूसरा फ्री देने का ऑफर था। ऑनलाइन पेमेंट के बाद पिज्जा तो डिलीवर नहीं हुआ, लेकिन उनके बैंक खाते से 59 हजार रुपये कट गए।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि पिज्जा का ऑर्डर करने के लिए अपने पीएनबी अकाउंट से भुगतान किया था, लेकिन किसी शातिर ने उसके अकाउंट से छह बार ट्रांजेक्शन कर 59954 रुपये निकाल लिए। नहीं थम रहे ऑनलाइन ठगी के मामले
राजधानी में ऑनलाइन ठगी का पहला मामला नहीं है, लगातार ही इस तरह के मामलों की संख्या बढ़ रही है। साइबर अपराधियों के कारनामे से घर बैठे लोगों के बैंक अकाउंट से हजारों रुपये साफ हो रहे हैं। महिला डॉक्टर की शिकायत पर छोटा शिमला थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ऑनलाइन लेनदेन के दौरान लोग सावधानी बरतें।
ओमापति जम्वाल, पुलिस अधीक्षक शिमला।