अठारह को आएगी प्रदेश में पूर्णमासी की नई सुबह: गणेश दत्त
भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है, जंगलराज और माफियाराज फैला हुआ है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने कहा है कि 18 दिसंबर को हिमाचल में पूर्णमासी की नई सुबह आएगी और अमावस्या की काली रात से छुटकारा मिलेगा। वीरभद्र सरकार के जाने और प्रेम कुमार धूमल की सरकार आने के बीच अब केवल सात कदम का फासला बाकी है। प्रदेश के विकास पर ग्रहण लगा हुआ था और चोर दरवाजे से नौकरियां दी जा रही थी, जिस पर विराम लगेगा।
रविवार को जारी बयान में भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है, जंगलराज और माफियाराज फैला हुआ है। वीरभद्र सरकार ने 50 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेकर प्रदेश पर बोझ डाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल के प्रति लगाव से प्रदेश वित्तीय संकट से पार पा लेगा और हिमाचल प्रदेश विकास में शिखर तक पहुंचेगा। लोगों को नई सरकार से बहुत उम्मीदें हैं। यही कारण है कि मतदान मेंं लोगों ने पूरा उत्साह दिखाया है। इसलिए सभी 18 दिसंबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस के डीएनए में है तानाशाही: धर्माणी