विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

विश्व बैंक के बाद नीति आयोग भी हुआ CM सुक्खू का मुरीद, आपदा में कुशल प्रबंधन के प्रयास सराहे

By Jagran NewsEdited By: Preeti Gupta
Published: Fri, 25 Aug 2023 10:46 AM (IST)

NITI Aayog Praised CM Sukhu हिमाचल प्रदेश में कुदरत के कहर से निपटने के लिए सीएम द्वारा किए कुशल प्रबंधन ...और पढ़ें

नीति आयोग ने भी की आपदा के कुशल प्रबंधन पर सीएम सुक्खू की तारीफ (फाइल फोटो)
नीति आयोग ने भी की आपदा के कुशल प्रबंधन पर सीएम सुक्खू की तारीफ (फाइल फोटो)

शिमला, राज्य ब्यूरो। NITI Aayog Praised CM Sukhu: भारी बारिश के कारण प्रदेश में उपजी आपदा की स्थिति से प्रभावशाली तरीके से निपटने में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आगे बढ़कर सक्रिय नेतृत्व प्रदान करने की नीति आयोग ने सराहना की है। विश्व बैंक के बाद नीति आयोग ने आपदा की इस घड़ी में मुख्यमंत्री के कुशल प्रबंधन की प्रशंसा की है।

नीति आयोग ने पत्र लिखकर की सीएम की सरहाना

नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन के. बेरी ने एक पत्र के माध्यम से राज्य सरकार के चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना की है। इसमें कहा है कि हिमाचल सरकार आपदा प्रबंधन टीमों सहित अन्य सभी हितधारक, जरूरतमंदों को राहत प्रदान करने के लिए सराहनीय कार्य कर रही है।

राज्य को हरसंभव मदद देगा नीति आयोग

आयोग इस चुनौतीपूर्ण समय में राज्य को हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है। सुमन के. बेरी ने कहा है कि राज्य में भीषण त्रासदी की घटनाएं चौंकाने वाली हैं। इस कारण राज्य में कृषि, समग्र आजीविका और आधारभूत संरचना को भारी क्षति हुई है।

सीएम सुक्खू बोले-प्रेरणा मिलेगी

आयोग के उपाध्यक्ष सुमन के. बेरी ने मुख्यमंत्री को प्रशंसा पत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के चुनौतीपूर्ण समय में आयोग राज्य को हरसंभव सहायता देगा। वहीं, सीएम सुक्खू ने नीति आयोग का आभार जताते हुए कहा कि उसके प्रोत्साहन से राज्य सरकार को और अधिक तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

प्रदेश को हुआ 12 हजार करोड़ का नुकसान

राज्य को इस साल बरसात के दौरान 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। प्रदेश सरकार सभी प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि सामूहिक प्रयासों से प्रदेश एक बार पुनः इस चुनौतिपूर्ण स्थिति से पार पाते हुए एकजुट होकर उभरेगा।

मंडी व कुल्लू में फंसे 800 से अधिक लोगों को करवाया भोजन उपलब्ध

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कुल्लू और मंडी जिलों में भारी वर्षा और भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध होने के कारण विभिन्न स्थानों पर फंसे लोगों को प्रदेश सरकार हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है। संबंधित जिला प्रशासन लोगों के लिए भोजन और अस्थायी शिविर की निःशुल्क सुविधा प्रदान कर रहा है। बुधवार को इन राहत शिविरों में 800 से अधिक लोगों को भोजन के पैकेट वितरित किए गए। इसके अलावा 150 व्यक्तियों को कुल्लू जिले के बजौरा राहत शिविर में भोजन उपलब्ध करवाया गया।