हिमाचल में टोल प्लाजा के 20 km के दायरे में रहने वालों को NHAI का तोहफा! अब सिर्फ 1500 रुपये में सालाना पास
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल प्लाजा के 20 किमी दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों के लिए वार्षिक टोल पास की दरों में भारी कटौती की है।

एनएचएआई का तोहफा, स्थानीय निवासियों को अब सस्ते में मिलेगा सालाना टोल पास।
HighLights
टोल प्लाजा के 20 किमी दायरे वालों को राहत।
ग्रामीण क्षेत्रों में वार्षिक पास अब ₹1,500 में।
निजी वाहनों के लिए फास्टैग पर मिलेगी छूट।
राज्य ब्यूरो, शिमला। नेशनल हाईवे पर रोजाना सफर करने वाले और टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले स्थानीय ग्रामीणों व शहरवासियों की जेब पर अब टोल का बोझ नहीं पड़ेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत देते हुए वार्षिक टोल पास की दरों में भारी कटौती की है।
नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण इलाकों में स्थित टोल प्लाजा के लिए अब मात्र 1,500 रुपये में सालाना पास जारी किया जाएगा। वहीं, नगर निकाय (म्युनिसिपल) सीमा में आने वाले टोल प्लाजा के लिए यह पास 3,000 रुपये में उपलब्ध होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को यह पास सामान्य से लगभग एक-तिहाई दाम पर मिलेगा, जिससे हर दिन काम-काज या व्यक्तिगत कार्यों के लिए हाईवे से गुजरने वाले ग्रामीणों को बड़ा आर्थिक संबल मिलेगा।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले वाहन चालकों के पास पूर्व की भांति 360 रुपये प्रतिमाह वाला मासिक पास बनवाने का विकल्प भी बरकरार रहेगा। स्थानीय निवासी अपनी सुविधानुसार मासिक या सालाना पास चुन सकते हैं।
यह छूट केवल वैध और सक्रिय (एक्टिव) फास्टैग वाले गैर-व्यावसायिक (निजी) वाहनों पर ही लागू होगी। व्यावसायिक नंबर प्लेट (पीली नंबर प्लेट) वाले वाहनों को इस रियायत का लाभ नहीं मिलेगा। जारी किया गया पास केवल उसी संबंधित टोल प्लाजा पर मान्य होगा, जिसके 20 किमी के दायरे में वाहन मालिक का पंजीकृत पता आता है।
हिमाचल प्रदेश के इन 6 टोल प्लाजा पर मिलेगा सीधा फायदा
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में संचालित सभी 6 टोल प्लाजा पर यह रियायती व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। इससे शिमला, सोलन, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू-मनाली रूट पर नियमित आवागमन करने वाले हजारों वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।