तारादेवी में नौ हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश
नवरात्र पर राजधानी में समूचा वातावरण भक्तिमय हो गया है। राजधानी के
जागरण संवाददाता, शिमला : नवरात्र पर राजधानी में समूचा वातावरण भक्तिमय हो गया है। राजधानी के विभिन्न स्थानों पर भंडारों व जागरण का आयोजन किया जा रहा है। वहीं प्रसिद्ध शक्तिपीठ तारादेवी मंदिर में बड़ी संख्या में प्रदेश सहित बाहरी राज्यों के श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। राजधानी में मंदिर फूलों से सजाए हैं।
सोमवार को दूसरे नवरात्र पर तारादेवी मंदिर में करीब नौ हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। इस दौरान मंदिर में सुबह सात बजे से ही कतारें लगनी शुरू हो गई व यह सिलसिला देर शाम तक चलता है।
कालीबाड़ी मंदिर में भी सुबह से दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस दौरान लोगों ने घंटों कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। कालीबाड़ी में नवरात्र उत्सव पर लगे मेले में लोगों ने जमकर खरीदारी भी की। वृंदावन बनारस से आए व्यापारियों ने भगवान के श्रृंगार, वस्त्र और पूजन की सामग्री के स्टाल सजाए हुए हैं, जिसमें श्रद्धालु खरीदारी कर रहे हैं।
मां ब्रह्माचारिणी का पूजन
तारादेवी में दूसरे नवरात्र पर मां के दूसरे स्वरूप ब्रह्माचारिणी का पूजन किया। ब्रह्माचारिणी को समस्त विद्याओं की ज्ञाता माना गया है। ब्रह्माचारिणी का अर्थ हुआ तप की चारिणी यानी तप का आचरण करने वाली हैं, इसीलिए राजधानी के मंदिरों में रविवार को विद्यार्थियों ने भी मंदिरों में दर्शन किए और मां ब्रह्माचारिणी के स्वरूप की पूजा-अर्चना कर विद्या का वरदान प्राप्त किया। तारादेवी मंदिर में नवरात्र के उत्सव पर विशेष पाठ का आयोजन किया जा रहा है। सात विद्वान चंडी पाठ कर रहे हैं। देश व प्रदेश की खुशहाली और उन्नति की कामना से मंदिर में यह पाठ करवाया जा रहा है।
---------
लगता रहा जाम
तारादेवी में सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक बढ़ गई कि मुख्य द्वार तक दर्शन के लिए कतारें लग गई। घंटों कतारों में खड़े होकर श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके अलावा पार्किंग भी गाड़ियों से भर गई, जिस कारण श्रद्धालुओं को गाड़ी पार्क करने में दिक्कत पेश आई। लिहाजा सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी करनी पड़ी, जिससे जाम लगता रहा।