शिमला में कूड़ा फेंका तो मौके पर वसूला जाएगा 500 रुपये जुर्माना
राजधानी को साफ सुथरा बना कर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रैंकिग हासिल करने के लिए नगर निगम ने सख्त फैसले लिए हैं। शनिवार को निगम के हाउस में निगम आयुक्त पंकज राय ने बताया कि शहर में खुले में कूड़ा फेंकने पर 500 रुपये जुर्माना देना होगा। मौके पर कूड़ा फेंकने वाला यदि जुर्माने की राशि का भुगतान नहीं कर सका तो बाद में जुर्माने की राशि दोगुनी वसूली जाएगी।
जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला को साफ-सुथरा बनाकर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रैंकिग हासिल करने के लिए नगर निगम ने सख्त फैसले लिए हैं। शनिवार को निगम के हाउस में निगम आयुक्त पंकज राय ने बताया कि शहर में खुले में कूड़ा फेंकने पर 500 रुपये जुर्माना देना होगा। मौके पर कूड़ा फेंकने वाला यदि जुर्माने की राशि का भुगतान नहीं कर सका तो बाद में जुर्माने की राशि दोगुनी वसूली जाएगी। शहर को साफ बनाने के लिए प्रशासन ने इस बार सख्त नियम लागू करने का फैसला लिया है।
इससे पहले निगम की ओर से जागरूकता अभियान चलाए जाते रहे हैं, लेकिन लोगों ने खुले में कूड़ा फेंकना नहीं छोड़ा। शहर में डोर-टू-डोर गारबेज योजना शुरू होने के बावजूद कूड़े के डंपर भरे रहते थे। आम लोग भी डंपरों के आसपास कूड़ा बिखेरते थे। इससे निगम की मेहनत पर पानी फिर जाता था। इस बार निगम प्रशासन ने पूरे शहर से डंपर उठवा दिए हैं। इसके बाद फैसला लिया कि खुले में कूड़ा फेंकना पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा। गारबेज की ऑनलाइन पेमेंट को रिव्यू करने की मांग
शहर के पार्षदों ने गारबेज का बिल ऑनलाइन करने के फैसले को रिव्यू करने की मांग की। पार्षद शैलेंद चौहान ने कहा कि इससे आम लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। हर शहरी के पास ऑनलाइन बिल देखने की सुविधा नहीं है। ऐसे में आम लोगों को इससे राहत देने के लिए निगम प्रशासन को इसे रिव्यू कर लेना चाहिए। मेरे वार्ड में नहीं है कोई दिक्कत
पार्षद आरती चौहान ने कहा कि मेरे वार्ड में ऑनलाइन कूड़े की बिलिग को लेकर कोई परेशानी नहीं है। लोगों को समय पर बिल मिल रहे हैं। इसका भुगतान भी बेहतर तरीके से हो पा रहा है। 60 लाख की हुई आय
शहर में ऑनलाइन पेमेंट होने से सैहब से होने वाली कलेक्शन 60 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है। हालांकि पहले ये 30 से 40 लाख के आंकड़े को भी पार नहीं कर पाती थी। इससे निगम की आय में आने वाले समय में काफी इजाफा होने की उम्मीद है।