हंगामेदार होगा हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। 22 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र में इस बार 252 प्रश्नों पर चर्चा होगी।
जेएनएन, शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। 22 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र में इस बार 252 प्रश्नों पर चर्चा होगी। इसके अलावा कोटखाई छात्रा मामला, भुंतर में बच्ची से दुष्कर्म व हत्या, सोलन में गोली मारकर युवक की हत्या समेत प्रदेशभर में अन्य आपराधिक मामलों पर विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। वीरभद्र सरकार के इस अंतिम विधानसभा सत्र के लिए अभी तक 252 सवाल मिल चुके हैं। इसमें भाजपा विधायकों सहित कांग्रेस विधायकों ने भी सरकार से सवाल पूछे हैं। सभी सदस्य 21 अगस्त तक अपने सवाल ऑनलाईन दे सकते हैं।
विपक्ष कोटखाई सहित होशियार सिंह और सोलन गोलीकांड को लेकर कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा करेगी। मानसून सत्र के लिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक 21 अगस्त को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर में होगी। विपक्षी दल की बैठक प्रेम कुमार धूमल की अध्यक्षता में विपक्षी लॉज में होगी। चुनावी वर्ष में यह अंतिम सत्र महत्वपूर्ण है। इसमें कई विधेयकों को भी सरकार मंजूरी प्रदान करेगी।