विधानसभाा में ब्राक्टा ने पूछे सबसे ज्यादा ऑनलाइन सवाल, जरियाल और नेगी का भी सराहनीय योगदान
Himachal Vidhan Sabha हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में ऑनलाइन सवाल पूछने में सत्तारूढ़ भाजपा विधायकों से कांग्रेस बाजी मार गई है।
शिमला, प्रकाश भारद्वाज। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में ऑनलाइन सवाल पूछने में सत्तारूढ़ भाजपा विधायकों से कांग्रेस बाजी मार गई है। दस बैठकों के सत्र में कांग्रेस के चार विधायकों ने ऑनलाइन काम करने में अधिक दिलचस्पी दिखाई। जबकि पहले छह में भाजपा और माकपा एक-एक विधायक ने ऑनलाइन का अधिक प्रयोग किया। 2014 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा देश में ई-विधान होने वाली पहली विधानसभा बनी। उसके बाद विधायकों को ऑनलाइन करने की दिशा में कदम उठाया गया। विधानसभा में चुनकर आए प्रत्येक विधायक को टेलीफोन व इंटरनेट सुविधा के लिए मासिक पंद्रह हजार रुपये का भत्ता प्राप्त होता है।
पांच साल पहले विधानसभा को पूरी तरह से पेपर लेस करने का निर्णय लिया गया। जिसके तहत संपूर्ण जानकारी को डिजिटल माध्यम में उपलब्ध करवाया गया। ऑनलाइन सवाल पूछने वाले विधायकों में मोहन लाल ब्राक्टा, जगत सिंह नेगी, बिक्रम सिंह जरियाल, कर्नल धनीराम शांडिल, राकेश सिंघा व रामलाल ठाकुर का नाम पहले पांच विधायकों में शामिल है। जबकि तेहरवीं विधानसभा में भाजपा के सबसे ज्यादा युवा विधायक चुनकर आए हैं।
नाम, दल, ऑनलाइन प्रश्न
- मोहन लाल ब्राक्टा, कांग्रेस, 51
- बिक्रम सिंह जरियाल, भाजपा, 41
- जगत सिंह नेगी, कांग्रेस, 41
- धनीराम शांडिल, कांग्रेस, 36
- राकेश सिंघा, माकपा, 35
- रामलाल ठाकुर, कांग्रेस, 34
सत्र में कुल 811 प्रश्न आए
विधानसभा के मानसून सत्र में भाजपा, कांग्रेस, माकपा व निर्दलीय विधायकों की ओर से 811 प्रश्न पूछे गए। इनमें से 550 प्रश्न ऑनलाइन प्राप्त हुए। 261 प्रश्न पहले हाथ से लिखे गए और बाद में विधानसभा सचिवालय कर्मचारियों की सेवा लेकर ऑनलाइन डाले गए। यानी विधायकों ने स्वयं प्रश्न ऑनलाइन नहीं भेजे।