परिवहन निगम के कर्मियों को राहत मिलने के आसार
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के निदेशक मंडल (बीओडी) की बैठक 27 अक्टूबर को होगी।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के निदेशक मंडल (बीओडी) की बैठक 27 अक्टूबर को शिमला में होगी। इसकी अध्यक्षता परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर करेंगे। उनके मंत्रित्व काल की यह पहली बैठक होगी। इस बैठक में कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई मामलों पर फैसले हो सकते हैं। कर्मचारियों व पेंशनरों को बड़ी राहत मिलने के आसार हैं।
करीब सात हजार कर्मचारियों को बीओडी की बैठक से बड़ी उम्मीदें हैं। वर्ष 2018-2019 से चालकों और परिचालकों को कई वित्तीय लाभ नहीं मिल पाए हैं। जो कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए हैं, उनमें से अधिकाश को लीव इन कैश और ग्रेच्युटी का लाभ नहीं मिला है। पेंशनरों को समय पर पेंशन नहीं मिल पाती है। इस बैठक के बाद उनकी चिंता खत्म हो सकती है। एचआरटीसी को कोरोना काल में 280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इस कारण निगम की आर्थिक स्थिति को पटरी पर आने में अभी वक्त लगेगा।
कर्मचारियों के वित्तीय लाभों के लिए अलग से फंड भी बनाया गया है। निगम की आय का सात फीसद हिस्सा इस फंड में जमा होता है। कोरोना संकट के कारण ऐसा नहीं हो पाया क्योंकि बसें नहीं चल पाई और न ही कोई कमाई हो पाई। अब धीरे-धीरे हालात सामान्य हो रहे हैं। जल्द जारी हों वित्तीय लाभ : शकर सिंह
हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष शकर सिंह ठाकुर ने कहा कि चालकों व परिचालकों के देय वित्तीय लाभ जल्द जारी किए जाएं। उन्होंने परिवहन मंत्री से उम्मीद जताई कि वह वित्तीय मामलों को गहनता से देखेंगे। वहीं, कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के पदाधिकारी देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों को कई वित्तीय लाभ नहीं मिल रहे हैं। लीव इन कैशमेंट और ग्रेच्युटी नहीं मिल पा रही है।