हिम प्रगति पोर्टल से 52 परियोजनाओं निगरानी
हिम प्रगति पोर्टल पर 52 परियोजनाएं अपलोड की गई हैं। पहले चरण में 25 करोड़ या इससे अधिक का अनुमानित निवेश हिम प्रगति पोर्टल पर जोड़ा गया है। हिमाचल प्रदेश ऊर्जा विकास एजेंसी (हिम ऊर्जा) में परियोजना नियंत्रण इकाई स्थापित की गई है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : हिम प्रगति पोर्टल पर 52 परियोजनाएं अपलोड की गई हैं। पहले चरण में 25 करोड़ या इससे अधिक का अनुमानित निवेश हिम प्रगति पोर्टल पर जोड़ा गया है। हिमाचल प्रदेश ऊर्जा विकास एजेंसी (हिम ऊर्जा) में परियोजना नियंत्रण इकाई स्थापित की गई है। पोर्टल का उद्देश्य निवेश की शीघ्र स्वीकृति, विभिन्न स्वीकृतियों को शीघ्र प्रदान करना तथा विभिन्न विभागों से शीघ्र अनुमोदन व स्वीकृति प्राप्त करना है। इस पोर्टल के माध्यम से परियोजना निर्माणकर्ताओं की शंकाओं और चिंताओं के समाधान का प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह बात विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की शीघ्र स्वीकृतियों और अनुमोदन के लिए 'हिम प्रगति' पोर्टल की प्रगति की समीक्षा करते हुए कही।
उन्होंने आश्वासन दिया कि उद्यमियों द्वारा उठाए सभी मुद्दों का समाधान और निगरानी नियमित तौर पर की जाएगी तथा पूरी प्रणाली ऑनलाइन है। निवेशक और संभावित उद्यमी अब इस पोर्टल पर लॉग-इन कर आसानी से अपनी परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी हासिल कर सकते हैं। उन्होंने ने कहा कि 289 करोड़ की हिमानी-चामुंडा रोप-वे परियोजना, 35 करोड़ रुपये की स्नो वेली रिजॉर्ट और मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट शिमला, 150 करोड़ रुपये की धर्मशाला रोप-वे परियोजना, 200 करोड़ रुपये की बिजली महादेव रोप-वे परियोजना और 340 करोड़ रुपये की पलचान रोहतांग रोप-वे परियोजनाओं की हिम प्रगति पोर्टल के माध्यम से निगरानी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को क्रियान्वयन एजेंसियों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा 4316.10 करोड़ रुपये के निवेश की 12 ऊर्जा परियोजनाओं की हिम प्रगति पोर्टल के माध्यम से निगरानी की जा रही है। 2708.62 करोड़ के निवेश की 23 औद्योगिक परियोजनाएं क्रियान्वयन एजेंसियों की समस्याओं के शीघ्र निवारण एवं सुविधा के लिए हिम प्रगति पोर्टल पर अपलोड की गई हैं।