विवाहिता ने प्रेमी के साथ चलती कार में निगला जहर, निजी अस्पताल में नर्स थी महिला
Married Women Suicide With Lover विवाहिता अपने प्रेमी के साथ बीते दिन रोहड़ू से रवाना हुई थी इस दौरान उसने चलती गाड़ी में जहर निगलकर जान दे दी।
शिमला, जेएनएन। रोहड़ू में निजी संस्थान में सेवाएं दे रही महिला कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बताया जा रहा है विवाहिता अपने प्रेमी के साथ बीते दिन रोहड़ू से रवाना हुई थी, इस दौरान उसने चलती गाड़ी में जहर निगलकर जान दे दी। विवाहिता पति व ससुराल वालों से अलग रह रही थी। इस दौरान उसकी एक युवक के साथ दोस्ती हुई व रिश्ता प्रेम प्रसंग का बन गया। अब इसके बाद किस बात को लेकर विवाद हुआ कि उसने सुसाइड कर लिया, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक महिला कर्मचारी संस्थान के ही टैक्सी चालक के साथ मंगलवार शाम रोहडू से रवाना हुई थी। वे करीब पांच बजे वहां से शिमला की तरफ रवाना हुए, लेकिन कुछ ही समय के बाद वे रामपुर वाले रास्ते पर चले गए। रामपुर वाले रास्ते पर जाने तक सब कुछ सही था, लेकिन रात 12 बजे महिला को सुन्नी अस्पताल में मृत लाया गया। डॉक्टरों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस तक मामला पहुंचते देख महिला के साथ आया चालक प्रवीण मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ ही समय के बाद वापस आ गया।
पुलिस की माने तो महिला ने रास्ते में कोई जहरीली चीज पी ली थी। इससे महिला की पहले तबीयत खराब हुई। इसके बाद जब हालत ज्यादा खराब हुई तो महिला को साथी सुन्नी अस्पताल ले आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और प्रवीण को हिरासत में ले लिया है।