महंगाई व बेरोजगारी से जूझ रहा देश-प्रदेश : नीतू वर्मा
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव व प्रदेश प्रभारी नीतू वर्मा सोइ
जागरण संवाददाता, शिमला : अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव व प्रदेश प्रभारी नीतू वर्मा सोईन ने प्रदेश की पदाधिकारियों से कहा कि वे प्रदेश में भाजपा की जनविरोधी नीतियों का डट कर विरोध करें। उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश महंगाई व बेरोजगारी जैसी जटिल समस्याओं से जूझ रहा है और यह सब केंद्र व प्रदेश में बैठी भाजपा सरकार की नीतियों का ही परिणाम है।
रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रदेश महिला कांग्रेस कार्यकारिणी, जिला अध्यक्षों की बैठक में नीतू वर्मा ने कहा कि आज देश गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है। बढ़ती बेरोजगारी व महंगाई ने आम लोगों का जीवन दूभर कर दिया है। हर रोज पेट्रोल व डीजल के दाम में बढ़ोतरी कर सरकार अपना खजाना भर रही है। घरेलू गैस का सिलेंडर एक हजार रुपये तक पहुंच गया है। महिलाओं को घर चलना मुश्किल हो गया है।
नीतू वर्मा ने आरोप लगाया कि कोरोना महामारी के इस दौर में केंद्र व प्रदेश सरकार ने लोगों को कोई भी राहत नहीं दी है। उन्होंने प्रदेश में होने जा रहे तीन उपचुनाव के लिए महिला कांग्रेस को मैदान में जुट जाने को कहा। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में एक बूथ पर दो-दो महिलाओं को नियुक्त किया जाना चाहिए। महिला कांग्रेस पर पार्टी को मजबूत करने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे इमानदारी से निभाना है। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल ने नीतू वर्मा का स्वागत किया और प्रदेश में कोरोना के इस दौर में लोगों को दी जा रही मदद की जानकारी दी। इस अवसर पर कविता कंवर, शांता रजटा, शशि ठाकुर, कविता सिंह, प्रभा वर्मा आदि मौजूद रहीं।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव 20 से 26 जून तक प्रदेश के दौरे पर आई हैं। इस दौरान नीतू वर्मा किन्नौर, लाहुल-स्पीति, कुल्लू, मनाली, मंडी व बिलासपुर में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी।