विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिमला में इंटरनेशनल लवी मेले की आड़ में ऑटोवालों की मनमानी, रचोली का किराया 70 से बढ़ाकर 150 रुपये वसूला

Published: Thu, 19 Nov 2026 09:27 AM (IST)

लवी मेले के दौरान रामपुर में ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं, जिससे ग्रामीण परेशान हैं। निर्धारित 70 रुपये ...और पढ़ें

रामपुर में सवारी के इंतजार में खडे़ ऑटो  (जागरण फोटो)

रामपुर में सवारी के इंतजार में खडे़ ऑटो (जागरण फोटो)

HighLights

  1. लवी मेले में ऑटो चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूली।

  2. रामपुर से रचोली मार्ग पर किराया 70 से 150 रुपये।

  3. ग्रामीणों ने परमिट रद्द करने और कार्रवाई की मांग की।

संवाद सहयोगी, रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के दौरान रामपुर में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के बीच कुछ ऑटो चालकों पर मनमाना किराया वसूलने के आरोप लगे हैं।

रामपुर से रचोली जाने वाले यात्रियों से निर्धारित 70 रुपये के बजाए 100 से 150 रुपये तक किराया वसूला जा रहा है। इससे रोजाना इस रूट पर सफर करने वाले ग्रामीणों में भारी रोष है।

ग्रामीणों का आरोप है कि लवी मेले में यात्रियों की अधिक संख्या का फायदा उठाकर कुछ ऑटो चालक अपनी मनमर्जी से किराया वसूल रहे हैं। स्थिति यह है कि जब कोई यात्री निर्धारित 70 रुपये किराया देने की बात करता है तो कुछ चालक रचोली जाने से ही इनकार कर देते हैं।

ऐसे में लोगों को मजबूरी में अतिरिक्त पैसे देकर सफर करना पड़ रहा है। इससे खासकर रोजमर्रा के कामकाज के लिए रामपुर आने वाले ग्रामीणों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि किराये में बढ़ोतरी को लेकर परिवहन विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। इसके बावजूद यात्रियों से मनमाना किराया वसूलना उचित नहीं है। लोगों ने परिवहन विभाग से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि निर्धारित किराये से अधिक वसूली किए जाने का मामला सामने आता है तो संबंधित ऑटो चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नरेश शर्मा, आरटीओ रामपुर बुशहर

पार्वती नेगी, रीना, रेखा, अनिता, रमेश कुमार, मुकेश, अनिल, रिंकू और अथर्व सहित अन्य ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्धारित किराये से अधिक वसूली करने और यात्रियों को परेशान करने वाले चालकों के परमिट और लाइसेंस रद्द किए जाएं।

उन्होंने रूट पर किराये की जांच करने और निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।

ऑटो यूनियन की ओर से लवी मेले के चलते रचोली रूट पर 30 रुपये अतिरिक्त किराया बढ़ाया गया है। सामान्य दिनों में रचोली का किराया 70 रुपये है, जबकि मेले के दौरान यात्रियों से 100 रुपये किराया लिया जा रहा है।
गोपाल, अध्यक्ष बुशहर ऑटो यूनियन, रामपुर बुशहर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।