'चुवाड़ी से चंबा के लिए टनल, द्रम्मण से पांगी रोड बनाया जाए NH', कुलदीप पठानिया ने नितिन गडकरी से उठाई मांग
हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से चंबा में चुवाड़ी-चंबा सुरंग और सामरिक महत्व की सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग की।

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया।
HighLights
कुलदीप पठानिया ने गडकरी से चंबा सुरंग निर्माण की मांग की।
सामरिक सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने पर जोर दिया।
गडकरी ने नई नीति के तहत जल्द स्वीकृति का आश्वासन दिया।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एक पत्र सौंपकर जिला चंबा में 'चुवाड़ी से चंबा सुरंग' के निर्माण तथा शाहपुर/द्रमण-सिंहुता-चुवाड़ी वाया जोत-तीसा-साच-पांगी रणनीतिक सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में घोषित करने की लंबित स्वीकृति प्रदान करने की पुरजोर मांग उठाई।
विधानसभा अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि यह मार्ग भारतीय सेना के योल कैंट (धर्मशाला) स्थित डिविजनल मुख्यालय के लिए अत्यंत संवेदनशील और सामरिक महत्व का है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान या चीन द्वारा किसी भी संभावित आक्रामकता की स्थिति में भारतीय सेना को अपने सैनिकों तथा युद्ध सामग्री को सीमावर्ती अग्रिम मोर्चों तक तीव्र गति से पहुंचाने के लिए यह मार्ग अत्यंत कारगर साबित होगा। यह सीधे तौर पर देश की रक्षा और सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
जोत खंड भी शामिल हो
पठानिया ने केंद्रीय मंत्री के संज्ञान में लाया कि इस मार्ग का एक हिस्सा (चंबा-तीसा-बैरागढ़-साच) भारत सरकार के पास जीआरएफ के तहत विचाराधीन है, लेकिन केवल आंशिक हिस्से के निर्माण से मुख्य सामरिक उद्देश्य पूरा नहीं होगा। उन्होंने आग्रह किया कि इसमें संशोधन कर द्रमण-सिंहुता-चुवाड़ी-चंबा वाया जोत खंड को भी शामिल किया जाए और पूरे मार्ग को शीघ्र राष्ट्रीय राजमार्ग के तौर पर मंजूरी दी जाए।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग का शाहपुर/द्रमण से चंबा वाया जोत वाला भाग विश्व बैंक और सीआईएफ के तहत पहले ही चौड़ा होकर डबल लेन बन चुका है।
नई नीति के तहत जल्द मिलेगी स्वीकृति: नितिन गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए पठानिया को आश्वस्त किया कि देश में नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा को लेकर केंद्र सरकार की नीति अंतिम विचार-विमर्श के दौर में है। उन्होंने कहा कि नई गाइडलाइंस और मापदंड फाइनल होते ही जनहित व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस सड़क को स्वीकृति दी जाएगी। गडकरी ने माना कि यह सड़क देश की सुरक्षा के साथ-साथ आकांक्षी जिला चंबा के विकास और पर्यटन विस्तार के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।
