मुख्यमंत्री के विरोधी खेमे ने दिल्ली में डाला डेरा
राज्य ब्यूरो, शिमला : विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विरोधी खेमे ने दिल्ली म
राज्य ब्यूरो, शिमला : विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विरोधी खेमे ने दिल्ली में कदमताल शुरू कर दी है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर व पूर्व मंत्री सुखराम भी दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं।
कौल सिंह व सुखराम ने बुधवार को कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुशील कुमार शिंदे से दिल्ली में मुलाकात की। हालांकि सुक्खू वीरवार को शिंदे से अलग मिलेंगे। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वीरभद्र सिंह के विरोधी खेमे के इस तरह से दिल्ली में कदमताल करने से प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया है। माना जा रहा है कि सुक्खू भी अपने पद को लेकर ही चर्चा करेंगे। वह शिमला से जिला अध्यक्षों द्वारा संभावित प्रत्याशियों की रिपोर्ट भी साथ लेकर गए हैं। कौल सिंह व सुखराम की शिंदे से मुलाकात का कारण माना जा रहा है कि संगठन में किसी तरह का फेरबदल न हो और विधानसभा चुनाव वर्तमान पार्टी अध्यक्ष की अगुवाई में ही करवाए जाए। संगठन व मुख्यमंत्री के बीच पिछले लंबे समय से लड़ाई छिड़ी हुई है। संगठन के अध्यक्ष को बदलने को लेकर वीरभद्र सिंह ने आलाकमान से भी बात की थी। मुख्यमंत्री बार-बार खुले मंच से सुक्खू को संगठन में धरातल पर पकड़ रखने वाले नेताओं को नहीं लिए जाने की बात कहते रहे हैं। इस कारण संगठन सही काम नहीं कर पा रहा है। वहीं, सुक्खू वीरभद्र सिंह की बात को नकारते हुए संगठन में सशक्त नेताओं को लिए जाने की बात करते रहे हैं।