पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र से मिले नड्डा, भोज में आने का दिया न्योता
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने वीरभद्र सिंह से मुलाकात कर उन्हें धाम में आने के लिए आमंत्रित किया उनके साथ शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज भी थे।
शिमला, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार सुबह हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात की। वीरभद्र सिंह के निजी आवास होलीलॉज शिमला में उनसे मिलने के लिए जेपी नड्डा सुबह 10.30 बजे पहुंचे। उनके साथ शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज भी थे। मुलाकात के दौरान वीरभद्र सिंह की पत्नी पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह और बेटे शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे।
जेपी नड्डा व वीरभद्र सिंह के बीच लगभग आधे घंटे से ज्यादा बातचीत हुई। नड्डा ने वीरभद्र सिंह को अपने बेटे की शादी की धाम (भोज) में आने का निमंत्रण दिया। नड्डा के बड़े बेटे गिरीश का विवाह राजस्थान के पुष्कर में हुआ था। बिलासपुर जिला में नड्डा के पैतृक गांव में 29 फरवरी को धाम का आयोजन किया जाएगा। जेपी नड्डा ने वीरभद्र सिंह के स्वास्थ्य का हाल भी जाना।
नड्डा ने कहा कि मेरी लंबे समय से आपसे मुलाकात करने की इच्छा थी। आपका हालचाल स्वास्थ्य कैसा है। बाद में दोनों नेताओं में प्रदेश से लेकर देश की राजनीति पर काफी समय तक चर्चा हुई। नड्डा ने कहा कि वह वीरभद्र सिंह का हालचाल जानने होलीलॉज गए थे। वीरभद्र सिंह के साथ उनके राजनीतिक व व्यक्तिगत संबंध वर्ष 1993 से हैं। हिमाचल में वीरभद्र सिंह का अपना राजनीतिक कद है। वीरभद्र सिंह जब पिछले दिनों पीजीआइ चंडीगढ़ में उपचाराधीन थे तो उस दौरान वह कई कार्यक्रमों में व्यस्त थे। इस कारण उनसे मुलाकात नहीं हो पाई थी।
शिमला दौरे के दौरान उनसे मुलाकात करने और उनका हालचाल जानने के लिए वह गए थे। वहीं, विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जेपी नड्डा अपने बेटे की शादी की धाम का निमंत्रण देने और हालचाल पूछने के लिए आए थे। पार्टी लाइन से ऊपर आकर उन्होंने नई रिवायत शुरू की है जिसका स्वागत है। उम्मीद है कि अन्य नेता भी इससे प्रेरणा लेकर स्वस्थ राजनीति करेंगे।