किन्नौर के JNV हॉस्टल में छात्र से मारपीट का VIDEO वायरल, 5-6 छात्रों ने घेरा और दीं गालियां; सुरक्षा पर उठे सवाल
जवाहर नवोदय विद्यालय रिकांगपिओ के बॉयज हॉस्टल में छात्रों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल होने से विद्यालय प्रबंधन की निगरानी पर सवाल उठे हैं। जिला प्रशासन और पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।

जेएनवी रिकांगपिओ के बॉयज हॉस्टल में मारपीट का वीडियो वायरल।
HighLights
जेएनवी रिकांगपिओ हॉस्टल में छात्रों के बीच मारपीट।
मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर हुआ वायरल।
जिला प्रशासन, पुलिस ने लिया मामले का संज्ञान।
संवाद सहयोगी, रिकांगपिओ। जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) रिकांगपिओ के बॉयज हॉस्टल में विद्यार्थियों के बीच हुई मारपीट का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद विद्यालय प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो सितंबर महीने का है, जिसमें पांच से छह विद्यार्थी एक अन्य छात्र के साथ मारपीट करते और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने भी इसका संज्ञान लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना में 11वीं कक्षा के एक विद्यार्थी के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत पीड़ित छात्र द्वारा किसी अन्य विद्यार्थी के साथ मारपीट करने से हुई थी, जिसके बाद 11वीं कक्षा के कुछ विद्यार्थियों ने एकजुट होकर उसके साथ मारपीट की।
वहीं, वीडियो में 12वीं कक्षा के एक विद्यार्थी की मौजूदगी की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हॉस्टल प्रबंधन की निगरानी पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि कथित तौर पर हॉस्टल इंचार्ज, असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट और दो हॉस्टल वार्डन की जिम्मेदारी के बावजूद ऐसी घटना होने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि हॉस्टल में विद्यार्थियों की नियमित निगरानी किस प्रकार की जा रही थी और क्या संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को इस घटना की जानकारी थी। यदि जानकारी थी तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई और यदि जानकारी नहीं थी तो निगरानी व्यवस्था में चूक कैसे हुई।
उपायुक्त और एसपी ने लिया संज्ञान
विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष एवं उपायुक्त किन्नौर सोनाक्षी सिंह तोमर ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। इस संबंध में जानकारी ली जा रही है तथा उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) न्यायालय की ओर से भी मामले का संज्ञान लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।