Jio True 5G: हिमाचल के मुख्यमंत्री ने जियो 5जी किया लॉन्च, इन चार जिलों से होगी शुरुआत
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को राज्य में जियो टेलीकॉम नेटवर्क की 5जी सेवाओं को लॉन्च किया है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के लोगों को लाभ होगा क्योंकि राज्य में हर तीसरा व्यक्ति इसका इस्तेमाल कर रहा है।
शिमला, आईएएनएस | हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को राज्य में जियो टेलीकॉम नेटवर्क की 5जी सेवाओं को लॉन्च किया है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के लोगों को लाभ होगा क्योंकि राज्य में हर तीसरा व्यक्ति इसका इस्तेमाल कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 5जी सेवाओं का विस्तार डिजिटल बुनियादी ढांचे को और मजबूत करेगा, खासतौर पर छात्रों और व्यापारियों के लिए अवसरों की शुरुआत करेगा।
पर्यटन, स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा के क्षेत्र में अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य सरकार की प्रमुख परियोजनाओं जैसे पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा, बागवानी, कृषि, शिक्षा के क्षेत्र में अहम भूमिका अदा करेगा। सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य संस्थानों और सभी छह मेडिकल कॉलेजों में विश्व स्तरीय तकनीक लाने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि नई 5जी कनेक्टिविटी डॉक्टरों के अनुसंधान के संदर्भ में वरदान साबित होगी।
साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग के लिए 20 करोड़ रुपये मंजूर
सुक्खू ने कहा अगले शैक्षणिक सत्र में तकनीकी शिक्षण संस्थानों में रोबोटिक्स, ब्लॉक चेन टेक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसे नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इस उद्देश्य के लिए, सरकार ने 20 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
Jio True 5G डिजिटल रूप से करेगा सशक्त
मुख्यमंत्री ने कंपनी से जिला मुख्यालयों तक 5जी को मजबूत करने को कहा ताकि लोगों को अपने दैनिक जीवन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। लॉन्च पर टिप्पणी करते हुए जियो के प्रवक्ता ने कहा कि उनकी कंपनी हिमाचल प्रदेश में जियो 5जी सेवाएं शुरू करने को लेकर बेहद उत्साहित है। उन्होंने कहा कि "Jio True 5G" राज्य के लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में अनंत विकास अवसरों के साथ डिजिटल रूप से सशक्त करेगा।
अभी इन राज्यों में हुई है शुरुआत
जियो हिमाचल में उपभोक्ताओं के लिए पसंद का ऑपरेटर और सबसे पसंदीदा ब्रांड है। अभी यह प्रदेश के शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर और नादौन में शुरू की गई है। हम जल्द ही पूरे राज्य में अपनी 5जी सेवाओं का विस्तार करेंगे।