'हिमाचल सरकार की विदाई नजदीक, सत्ता में लौटेगी भाजपा', जयराम ठाकुर ने शिमला के नेरवा में भरी हुंकार
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला के नेरवा में पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए हिमाचल सरकार पर जमकर निशाना साधा।

चौपाल में रोड शो के दौरान जयराम ठाकुर व अन्य नेता।
HighLights
जयराम ठाकुर ने नेरवा में पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया।
उन्होंने हिमाचल सरकार की विदाई और भाजपा की वापसी का दावा किया।
कांग्रेस के झूठे वादों और बंद योजनाओं पर सवाल उठाए।
संवाद सूत्र, चौपाल (शिमला)। हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के नेरवा में भाजपा ने रविवार को नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जनप्रतिनिधियों को सम्मानित कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार की विदाई नजदीक है और भाजपा सत्ता में लौटेगी।
चार साल बाद भी सरकार अपनी चार प्रमुख योजनाओं के नाम नहीं बता सकती। सरकार ने हिमकेयर, सहारा, स्वावलंबन और जनमंच जैसी भाजपा कार्यकाल की जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी हैं।
दूध गोबर के वादे खोखले
जयराम ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये और युवाओं को पांच साल में पांच लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आते ही नौकरियों पर ताला लगा दिया। उनके मुताबिक, 24 लाख महिलाएं अब भी लाभ की प्रतीक्षा कर रही हैं। उन्होंने 300 यूनिट निश्शुल्क बिजली की गारंटी के बावजूद 125 यूनिट पर भारी बिल आने का आरोप लगाया। दूध और गोबर खरीदने के वादों को भी खोखला बताया।
समोसे की सीआइडी जांच
उन्होंने नशे और अपराध पर चिंता जताते हुए सरकार पर चिट्टा माफिया के बजाय समोसे की सीआइडी जांच को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया। विमल नेगी मौत मामले में स्वजन को केवल आश्वासन मिलने की बात भी कही।
चौपाल में 74 प्रधान भाजपा समर्थक
जयराम ने दावा किया कि चौपाल क्षेत्र के 84 में से 74 प्रधान भाजपा विचारधारा के हैं। उन्होंने सैंज-देहा-नेरवा-चौपाल सड़क सुधार का वादा किया। नेरवा में उनका रोड शो भी हुआ।
मन की बात सुनी
जयराम ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 115वां संस्करण सुना। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा लेकर जनसेवा के कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उनके साथ शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप, चौपाल के विधायक बलबीर सिंह वर्मा, पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट भी उपस्थित रहे।
