पंजाब, हरियाणा से हैं नशा सप्लायर : जयराम
राज्य ब्यूरो, शिमला : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 'एक देश-एक चुनाव' के पक्ष में हैं। शिमला में राष्ट
राज्य ब्यूरो, शिमला : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 'एक देश-एक चुनाव' के पक्ष में हैं। शिमला में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ जोन-4 के पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में उन्होंने इसे समय की जरूरत बताया। सम्मेलन के एजेंडा में चर्चा के दूसरे अहम मुद्दे व वर्तमान में राज्यों के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती के तौर पर उभर कर आ रहे नशाखोरी व नशा तस्करी के मुद्दे पर कहा कि प्रदेश सरकार इसे लेकर कानून को गैर जमानती बनाने के साथ-साथ और कड़ा करेगी। नशे के मामले में कई मर्तबा पुलिस की भूमिका भी चिंतनीय रहती है। हिमाचल नशे के खिलाफ पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा व उत्तराखंड के साथ मिलकर जंग लड़ रहा है। इसके लिए पंचकूला में साझा सचिवालय बनाने का निर्णय लिया गया है। उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों को भी इस साझा अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया गया है। इसमें मुख्यमंत्री के अलावा अधिकारियों के स्तर पर बैठकों का आयोजन होगा। इसी तरह स्कूली विद्यार्थियों की नियमित चिकित्सीय जाच प्रणाली विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। नशे के खिलाफ चलाए जाने वाले अभियान में राज्यपाल और न्यायाधीश भी सहयोग देने के लिए तैयार है। इस अभियान को अक्टूबर से शुरू किया जाएगा। प्रदेश में स्वच्छता अभियान को भी चलाया गया है। सिक्कम के बाद हिमाचल प्रदेश खुले में शौचमुक्त होने वाला देश का दूसरा राज्य बन गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में नशे के कारोबार से जुड़े करीब 900 आरोपितों पर मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से एक तिहाई से ऊपर लोग ऐसे हैं, जिनका संबंध अन्य राज्यों विशेषकर पंजाब और हरियाणा से है।
--------
हिमाचल को मिले राष्ट्रीय ई-विधान अकादमी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने धर्मशाला के तपोवन में राष्ट्रीय ई-विधान अकादमी शीघ्र स्थापित करने का लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से आग्रह किया। धौलाधार की गोद में बसा धर्मशाला एक खूबसूरत सैरगाह है और यहा पर अकादमी को स्थापित करना लाभदायक रहेगा।